ड्रिंक एंड ड्राइव: पंचकूला पुलिस ने 37 दिन में काटे 762 चालान, 86 वाहन इंपाउंड
पंचकूला पुलिस शहर में सड़क सुरक्षा को लेकर लगातार सख्त रुख अपनाए हुए है। नशे का सेवन कर वाहन चलाने वाले चालकों पर शिकंजा कसते हुए ट्रैफिक पुलिस ने नवंबर माह व दिसंबर माह के पहले सप्ताह में सख्त कार्रवाई की।
ड्रिंक एंड ड्राइव: पंचकूला पुलिस ने 37 दिन में काटे 762 चालान, 86 वाहन इंपाउंड
पंचकूला(ईशान राय)-पंचकूला पुलिस शहर में सड़क सुरक्षा को लेकर लगातार सख्त रुख अपनाए हुए है। नशे का सेवन कर वाहन चलाने वाले चालकों पर शिकंजा कसते हुए ट्रैफिक पुलिस ने नवंबर माह व दिसंबर माह के पहले सप्ताह में सख्त कार्रवाई की।
एसीपी ट्रैफिक सुरेन्द्र सिंह ने बताया कि ड्रिंक एंड ड्राइव नाकेबंदी के दौरान पुलिस टीमों ने नवंबर महीने में कुल 581 चालान जारी किए, जबकि 63 वाहन मौके पर ही इंपाउंड किए गए। इसी क्रम में दिसंबर माह के पहले सप्ताह में भी कड़ी कार्रवाई जारी रही। इस अवधि में पुलिस ने 171 चालान जारी कर 23 वाहनों को इंपाउंड किया है। पुलिस का कहना है कि यह अभियान आगे भी इसी सख्ती के साथ जारी रहेगा, ताकि नशा कर वाहन चलाने जैसी खतरनाक प्रवृत्तियों पर पूरी तरह रोक लग सके।
इस दौरान डीसीपी क्राइम एंड ट्रैफिक मनप्रीत सिंह सूदन ने साफ तौर पर कहा कि सड़क पर सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और शराब पीकर वाहन चलाना न सिर्फ कानून का उल्लंघन है, बल्कि यह दूसरों की जिंदगी के साथ खिलवाड़ भी है।
उन्होंने कहा, हमारा उद्देश्य शहर की सड़कों को पूरी तरह सुरक्षित बनाना है। अक्सर सड़क हादसों की जड़ में शराब पीकर वाहन चलाने की लापरवाही होती है। हम यह सुनिश्चित करेंगे कि पंचकूला में कोई भी चालक नशे की हालत में सड़क पर न उतर सके। जो भी नियमों का उल्लंघन करेगा, उसके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई अनिवार्य है।”
डीसीपी क्राइम एंड ट्रैफिक की नागरिकों से अपील: यातायात नियमों का सम्मान करें, नशे की हालत में वाहन न चलाएं और दुर्घटनाओं को रोकने में पुलिस का सहयोग करें। ट्रैफिक पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया है कि आने वाले समय में शहरभर में विशेष नाकेबंदी और रैंडम चेकिंग और भी बढ़ाई जाएगी।
What's Your Reaction?