लखनऊ–सहारनपुर रूट पर वंदे भारत एक्सप्रेस शुरू, यात्रियों को मिली तेज यात्रा की सौगात
लखनऊ। गोमतीनगर से सहारनपुर के बीच वंदे भारत एक्सप्रेस का संचालन मंगलवार से औपचारिक रूप से शुरू हो गया।
लखनऊ–सहारनपुर रूट पर वंदे भारत एक्सप्रेस शुरू, यात्रियों को मिली तेज यात्रा की सौगात
लखनऊ। गोमतीनगर से सहारनपुर के बीच वंदे भारत एक्सप्रेस का संचालन मंगलवार से औपचारिक रूप से शुरू हो गया। ट्रेन के पहले ही दिन 221 यात्रियों ने यात्रा की, जिससे इसके प्रति लोगों की उत्सुकता साफ दिखाई दी। गोमतीनगर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर छह से इस आधुनिक ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।
इस नई सेवा से लखनऊ, सीतापुर और लखीमपुर के यात्रियों को उत्तराखंड व सहारनपुर की यात्रा में बड़ी राहत मिलेगी। तेज गति और आरामदायक सुविधाओं को देखते हुए यह ट्रेन खास चर्चाओं में है। रेलवे अधिकारियों का कहना है कि नैमिषारण्य जाने वालों के लिए भी यह ट्रेन बेहद सुविधाजनक साबित होगी।
वंदे भारत एक्सप्रेस सप्ताह में छह दिन चलेगी। लखनऊ–सहारनपुर 26504 वंदे भारत गोमतीनगर से दोपहर 3:10 बजे रवाना होगी। यह डालीगंज, सीतापुर, शाहजहांपुर, बरेली जंक्शन, मुरादाबाद, नजीबाबाद और रुड़की होते हुए रात 11:50 बजे सहारनपुर पहुंचेगी।वहीं, 26503 सहारनपुर–लखनऊ वंदे भारत सहारनपुर से सुबह 5:05 बजे चलेगी। यह रुड़की, नजीबाबाद, मुरादाबाद, बरेली, शाहजहांपुर और सीतापुर से गुजरते हुए दोपहर 2:05 बजे गोमतीनगर पहुंचेगी। दोनों दिशाओं में समय का निर्धारण यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए किया गया है।
पूर्वोत्तर रेलवे लखनऊ मंडल के पीआरओ महेश गुप्ता ने बताया कि ट्रेन में कुल 8 कोच हैं। चेयरकार और एग्जिक्यूटिव दोनों क्लास में आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। यात्रा के दौरान आराम, सुरक्षा और गति इस ट्रेन की प्रमुख विशेषताएं हैं।
किराए की बात करें तो गोमतीनगर से सहारनपुर तक चेयरकार का किराया 1,460 रुपये और एग्जिक्यूटिव क्लास का 2,685 रुपये रखा गया है। वहीं सहारनपुर से गोमतीनगर तक चेयरकार का किराया 1,530 रुपये और एग्जिक्यूटिव क्लास का 2,750 रुपये है।
कैटरिंग का शुल्क भी टिकट में शामिल है चेयरकार में 307 रुपये और एग्जिक्यूटिव में 433 रुपये।
What's Your Reaction?