यमुना सिटी । पर्यावरण संरक्षण और क्षेत्र को हरित एवं स्वच्छ बनाने की दिशा में यमुना प्राधिकरण ने एक महत्वपूर्ण पहल की है। गुरुवार को यमुना प्राधिकरण के सेक्टर-32 में एवरी डेनिसन कंपनी के समीप करीब 6 एकड़ क्षेत्रफल में विकसित ग्रीन बेल्ट का लोकार्पण मुख्य कार्यपालक अधिकारी राकेश कुमार सिंह ने किया। प्राधिकरण द्वारा इस ग्रीन बेल्ट को एवरी डेनिसन को एडॉप्शन के लिए दिया गया था।
ग्रीन बेल्ट के विकास के तहत यहां करीब 21 हजार पौधों का रोपण किया गया है। इसके साथ ही आकर्षक लॉन विकसित किया गया है। क्षेत्र को हरा-भरा बनाने के लिए विभिन्न प्रजातियों के फूलदार, छायादार एवं अन्य वृक्ष लगाए गए हैं। ग्रीन बेल्ट में मियांवांकी पद्धति से भी वृक्षारोपण किया गया है। साथ ही ऐसे फूलदार पौधे एवं वृक्ष लगाए गए हैं, जिनमें अलग-अलग मौसम में वर्षभर फूल आते रहें, जिससे क्षेत्र की सुंदरता बनी रहे।

जलभराव से बचाव के लिए रेन वाटर हार्वेस्टिंग
ग्रीन बेल्ट का एक हिस्सा सड़क के स्तर से नीचे होने के कारण यहां जलभराव की समस्या से बचाव के लिए रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम भी विकसित किया गया है। इसके अलावा आमजन के टहलने एवं सुबह-शाम भ्रमण के लिए वॉकिंग ट्रैक बनाया गया है। विकसित ग्रीन बेल्ट को जनमानस के लिए खुला रखा जाएगा, जिससे आसपास रहने वाले लोगों को स्वच्छ एवं प्राकृतिक वातावरण के साथ टहलने की सुविधा मिल सके।
यह पूरा कार्य संस्था गिव मी ट्रेस द्वारा एवरी डेनिसन के लिए किया गया है। कार्यक्रम के दौरान यह भी जानकारी दी गई कि कंपनी द्वारा निकटवर्ती गोल चक्कर को भी विकसित करने में रुचि दिखाई गई है। यदि यह पहल आगे बढ़ती है तो क्षेत्र के सौंदर्यीकरण एवं हरित विस्तार को और गति मिलने की उम्मीद है।
लोकार्पण कार्यक्रम में यमुना प्राधिकरण के उद्यान विभाग के अधिकारियों के साथ एवरी डेनिसन के प्रतिनिधि एवं अन्य अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे। इस अवसर पर आनन्द मोहन सिंह, उपनिदेशक (उद्यान), डॉ. आरती सिंह, वरिष्ठ प्रबंधक (उद्यान) तथा एवरी डेनिसन की ओर से निदेशक अमिताभ सागर, अजय कुमार, प्रदीप, इंदू सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

1.50 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य
यमुना प्राधिकरण द्वारा वर्ष 2026-27 में पौधरोपण के लिए निर्धारित 77,007 पौधों के लक्ष्य के सापेक्ष इस वर्ष कुल 1,50,000 पौधे लगाए जाने का लक्ष्य रखा गया है। अधिकारियों के अनुसार हरित क्षेत्र के विस्तार के साथ-साथ पौधों के संरक्षण और विकसित किए गए क्षेत्रों के बेहतर रखरखाव पर भी विशेष जोर दिया जा रहा है।
कार्यक्रम के दौरान पर्यावरण संरक्षण, पौधरोपण और हरित क्षेत्रों के विस्तार के प्रति लोगों को जागरूक करने का संदेश दिया गया। अधिकारियों ने कहा कि शहरी विकास के साथ पर्यावरण संतुलन बनाए रखना भी जरूरी है और इसी उद्देश्य से प्राधिकरण द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में ग्रीन बेल्ट विकसित करने की दिशा में लगातार कार्य किया जा रहा है।