गौतमबुद्धनगर,
जिलाधिकारी के निर्देशों के क्रम में अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) प्रियंका की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में प्रतिक्रिया तंत्र की उपयोगिता, आपातकालीन सहायता कार्य हेतु विभिन्न हितधारकों के मध्य समन्वय, संसाधनों, संचार माध्यमों एवं प्रतिक्रिया क्षमताओं में परिलक्षित कमियों की पहचान कर आवश्यकता के अनुसार सुधार करने के उद्देश्य से 18 सितंबर 2026 को जनपद में होने वाली भूकंप, औद्योगिक रासायनिक एवं अग्नि सुरक्षा पर राज्य स्तरीय मॉक एक्सरसाइज के संबंध में टेबल टॉप समन्वय बैठक सम्पन्न हुई। साथ ही, संबंधित विभागों की विभागीय आपदा प्रबंधन योजनाओं की समीक्षा एवं इंसीडेंट रिस्पांस सिस्टम के अनुसार विभिन्न हितधारकों की भूमिकाओं का परीक्षण किया गया।

जनपद गौतमबुद्ध नगर में तीन स्थानों पर मॉक एक्सरसाइज आयोजित की जानी है। इनमें अग्निकांड आपदा पर शारदा हॉस्पिटल, ग्रेटर नोएडा, भूकंप आपदा पर दा रेडिएशन स्कूल, नीमका, जेवर तथा सीबीआरएन औद्योगिक (रासायनिक) आपदा पर अति खतरनाक संवेदनशील कारखाना हायर एप्लाइंसेस इंडिया प्राइवेट लिमिटेड, ग्रेटर नोएडा शामिल हैं।बैठक में संबंधित विभागों द्वारा मॉक ड्रिल की तैयारियों को लेकर चर्चा की गई। मॉक एक्सरसाइज के परिदृश्यों को लेकर मॉडल में बचाव कार्यवाही तथा मॉक ड्रिल का सफल संचालन किस प्रकार किया जा सके, इस संबंध में भी विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में उप जिलाधिकारी दादरी अभिनेंद्र सिंह, मुख्य अग्निशमन अधिकारी प्रदीप कुमार, सहायक निदेशक संदीप कुमार, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी पवन कुमार, एनडीआरएफ इंस्पेक्टर हेमंत कुमार, आईटीबीपी इंस्पेक्टर राजीव कुमार शर्मा, जिला आपदा विशेषज्ञ ओमकार चतुर्वेदी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी तथा कारखाना, हॉस्पिटल एवं स्कूल के प्रबंधक उपस्थित रहे।