ग्रेटर नोएडा। कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) के क्षेत्रीय कार्यालय ग्रेटर नोएडा में शुक्रवार को नियोक्ता संगठनों एवं प्रमुख हितधारकों के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता उत्तर प्रदेश जोन के अपर केंद्रीय भविष्य निधि आयुक्त उदय बख्शी ने की।
बैठक में VISHWAS योजना के प्रावधानों, पात्रता और आवेदन प्रक्रिया की जानकारी नियोक्ता प्रतिनिधियों को दी गई। अधिकारियों ने पात्र लंबित न्यायिक विवादित मामलों का निर्धारित रियायती दरों पर एकमुश्त निस्तारण करने के लिए नियोक्ताओं को योजना का लाभ उठाने के लिए प्रोत्साहित किया।

बैठक में EPF के अंतर्गत वेतन सीमा को मौजूदा 15,000 से बढ़ाकर 25,000 प्रतिमाह करने के प्रस्ताव पर भी नियोक्ता संगठनों के प्रतिनिधियों से चर्चा की गई। प्रतिनिधियों से प्रस्ताव को लेकर सुझाव और व्यावहारिक पहलुओं पर राय ली गई। अधिकारियों ने कहा कि सामाजिक सुरक्षा के दायरे को बढ़ाकर अधिक कर्मचारियों को भविष्य निधि एवं अन्य लाभों से जोड़ने पर जोर है।
बैठक में क्षेत्रीय कार्यालय ग्रेटर नोएडा के वैभव सिंह, विजय कुमार, ललित कुमार समेत नोएडा कार्यालय के सुयश पाण्डेय, कुमार राघवेन्द्र तथा विभिन्न नियोक्ता संगठनों के पदाधिकारी एवं प्रतिनिधि मौजूद रहे।