आज का मुद्दा / आशीष कुमार
बुलंदशहर: स्याना स्याना के गढ़ हाईवे मार्ग स्थित सराय पुलिस चौकी के निकट सड़क किनारे घायल अवस्था में मगरमच्छ मिलने से अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पुलिस और वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर बड़ी मशक्कत के बाद मगरमच्छ का रेस्क्यू किया, तब जाकर लोगों ने राहत की सांस ली।शुक्रवार रात हाईवे से गुजर रहे राहगीरों को सराय चौकी से कुछ मीटर की दूरी पर सड़क किनारे मगरमच्छ पड़ा दिखाई दिया। राहगीरों ने इसकी सूचना चौकी पर मौजूद पुलिसकर्मियों को दी।
सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और वन विभाग को जानकारी दी।कुछ ही देर में वनरक्षक लोकेश कुमार अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंच गए। तब तक मगरमच्छ को देखने के लिए लोगों की भीड़ जमा हो गई और कुछ देर के लिए हाईवे पर आवागमन भी बाधित रहा।वनरक्षक लोकेश कुमार ने बताया कि हाईवे किनारे नहर में पानी कम होने के कारण मगरमच्छ निकलकर सड़क पर आ गया था।

किसी वाहन की चपेट में आने से वह घायल हो गया। वन विभाग की टीम घायल मगरमच्छ को उपचार के लिए गुलावठी स्थित वन कार्यालय ले गई।