वडोदरा/अनुपशहर । स्टैच्यू ऑफ यूनिटी परिसर में आयोजित ‘नेशनल चेंजमेकर्स मीट 2026’ में उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले के अनूपशहर विधायक संजय कुमार शर्मा को बेटियों की शिक्षा और जमीनी स्तर पर सामाजिक बदलाव के लिए राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किया गया। देश के 28 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से चुने गए 51 चेंजमेकर्स में संजय शर्मा इकलौते निर्वाचित जनप्रतिनिधि रहे।
गांव-गांव पहुंचकर बेटियों को शिक्षा से जोड़ा
वर्ष 2017 से विधायक संजय शर्मा ने अपने विधानसभा क्षेत्र में बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए विशेष अभियान चलाया। उन्होंने कक्षा 9वीं से 12वीं तक की छात्राओं और उनके परिवारों से सीधे संवाद कर पढ़ाई बीच में छोड़ने वाली छात्राओं को दोबारा शिक्षा से जोड़ने का प्रयास किया। अभियान के तहत 50 हजार से अधिक बेटियों को शिक्षा जारी रखने के लिए प्रेरित करने और 14 हजार से अधिक छात्राओं व उनके परिवारों से सीधा संवाद करने का दावा किया गया है।
200 से अधिक ड्रॉपआउट छात्राएं स्कूल लौटीं
अभियान के दौरान 200 से अधिक ऐसी छात्राओं को दोबारा स्कूल से जोड़ा गया, जिनकी पढ़ाई बीच में छूट गई थी। इसके साथ ही क्षेत्र में 12वीं तक के तीन कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय और बालिकाओं के लिए एक राजकीय इंटर कॉलेज की स्थापना एवं संचालन भी हुआ।

मेधावी छात्राओं को किया प्रोत्साहित
बालिकाओं में शिक्षा के प्रति उत्साह बढ़ाने के लिए मेधावी छात्राओं को सम्मानित करने की पहल भी की गई। 12वीं की टॉपर्स को कलाई घड़ी और 10वीं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को दीवार घड़ी देकर सम्मानित करने की परंपरा शुरू की गई।
‘अनूपशहर मॉडल’ की राष्ट्रीय मंच पर चर्चा
बेटियों की शिक्षा के लिए किए गए इन प्रयासों को ‘अनूपशहर मॉडल’ के रूप में पहचान मिली है। राष्ट्रीय सम्मान मिलने पर विधायक संजय कुमार शर्मा ने कहा कि यह सम्मान उनका व्यक्तिगत नहीं, बल्कि अनूपशहर की हजारों बेटियों, उनके परिवारों और शिक्षकों का है। उन्होंने कहा कि बेटियों की शिक्षा और उनके सपनों में निवेश करना देश के भविष्य की मजबूत नींव तैयार करना है।
चार दिवसीय सम्मेलन में जुटे देशभर के चेंजमेकर्स
‘नेशनल चेंजमेकर्स मीट 2026’ का आयोजन 1 से 4 अक्टूबर तक समन्वय प्रतिष्ठान, वडोदरा ने इंडिया फाउंडेशन के सहयोग से किया। सम्मेलन में शिक्षा, ग्रामीण विकास, जनजातीय कल्याण, नशामुक्ति, सुशासन और कला-संस्कृति के क्षेत्र में काम करने वाले जमीनी बदलावकर्ताओं को सम्मानित किया गया। आयोजन में गुजरात विधानसभा अध्यक्ष शंकर चौधरी, पूर्व कैबिनेट मंत्री भूपेंद्र चुडासमा और पूर्व केंद्रीय मंत्री सुरेश प्रभु समेत कई प्रमुख हस्तियां मौजूद रहीं।