बुलंदशहर। जनपद में चल रही प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (पीईटी) को सकुशल, शांतिपूर्ण, निष्पक्ष, पारदर्शी एवं पूर्णतः नकलविहीन सम्पन्न कराने के दृष्टिगत पुलिस प्रशासन अलर्ट मोड पर है। रविवार को पुलिस अधीक्षक नगर अभिषेक प्रताप अजेय द्वारा नगर क्षेत्र के विभिन्न परीक्षा केन्द्रों का औचक निरीक्षण किया गया। उन्होंने सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था सम्बन्धी व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान एसपी सिटी ने परीक्षा केन्द्रों पर तैनात पुलिस बल की ड्यूटी चेक की, प्रवेश एवं निकास द्वारों पर सुरक्षा व्यवस्था देखी, अभ्यर्थियों के आवागमन की व्यवस्था और परीक्षा केन्द्रों के आसपास यातायात व्यवस्था की समीक्षा की।इसके साथ ही उन्होंने परीक्षा केन्द्रों पर स्थापित सीसीटीवी कन्ट्रोल रूम का भी निरीक्षण किया तथा सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से परीक्षा कक्षों एवंपरिसर की निगरानी व्यवस्था को परखा।

उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि परीक्षा अवधि के दौरान सीसीटीवी के माध्यम से निरन्तर सतर्क निगरानी रखी जाये। किसी भी संदिग्ध गतिविधि के संज्ञान में आने पर तत्काल उच्चाधिकारियों को अवगत कराते हुए नियमानुसार कार्यवाही की जाये।

परीक्षा ड्यूटी में तैनात पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को भी निर्देश दिए कि परीक्षा की शुचिता, निष्पक्षता एवं गोपनीयताप्रत्येक दशा में सुनिश्चित की जाये और अनधिकृत व्यक्तियों का प्रवेश पूर्णतः प्रतिबन्धित रखा जाये।