गौतमबुद्धनगर,
आगामी दीपावली पर्व के दृष्टिगत जनपद वासियों को शुद्ध खाद्य एवं पेय पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग के अधिकारीगण खाद्य प्रतिष्ठानों पर छापेमारी कर खाद्य पदार्थों के नमूने जांच हेतु संग्रहित कर रहे हैं।इसी श्रृंखला में सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय सर्वेश मिश्रा ने बताया कि खाद्य सुरक्षा विभाग की अलग अलग टीमों द्वारा जनपद में 24 एवं 25 अक्टूबर 2026 को ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के वेयर हाउस एवं स्टोरों पर चेकिंग अभियान चलाया गया। इकोटेक 3 ग्रेटर नोएडा स्थित बिग बॉस्केट एवं ब्लिंकिट के वेयर हाउस का निरीक्षण किया गया, साफ सफाई व्यवस्था सही न मिलने व अन्य अभिलेख मौके पर न दिखाए जाने पर सुधार नोटिस दिए गए, इसके अतिरिक्त जोमेटो हाइपरमार्ट में खामियां मिलने पर उसे भी नोटिस दिया गया।
दादरी स्थित स्विग्गी तथा जोमेटो हाइपरमार्ट को चेक किया गया और जोमेटो हाइपरमार्ट से पनीर का 01 नमूना लिया गया एवं साफ सफाई सही न होने तथा आवश्यक अभिलेख मौके पर प्रस्तुत न किए जाने पर सुधार नोटिस जारी किया गया। इसी प्रकार सूरजपुर , बीटा-01 ग्रेटर नोएडा एवं सेक्टर-62 नोएडा स्थित ब्लिंकिट स्टोर पर भी साफ सफाई व्यवस्था उचित न होने व आवश्यक अभिलेख समय पर प्रस्तुत न किए जाने पर नोटिस जारी किया गया तथा सूरजपुर के स्टोर से मूंगफली के दाने का 01 नमूना लिया गया। सेक्टर 135 नोएडा स्थित जेप्टो स्टोर के निरीक्षण में कोल्ड रूम में सफाई न होने तथा अव्यवस्था होने पर आवश्यक सुधार होने तक कोल्ड रूम व्यवसाय का संचालन बंद कराया गया।
.jpeg)
इसके अतिरिक्त आवश्यक अन्य अभिलेख मौके पर प्रस्तुत न करने पर सुधार नोटिस भी जारी किया गया। पी -01 ग्रेटर नोएडा स्थित जिओ मार्ट, पी-03 ग्रेटर नोएडा स्थित के0वी0 इंटरप्राइजेज व जेप्टो स्टोर, इटहेरा इकोटेक-04 स्थित ए एंड डी नेटवर्क प्राइवेट लिमिटेड, सेक्टर 128 नोएडा स्थित पी वाई डी रिटेल प्राइवेट लिमिटेड (स्विगी स्टोर) , शाहदरा नोएडा स्थित जेप्टो के डार्क स्टोर, मथुरापुर ग्रेटर नोएडा स्थित पी जे टी जे टेक्नोलॉजी प्राइवेट लिमिटेड तथा तुगलपुर स्थित अमेजन स्टोर की चेकिंग की गई, सभी के पास मौके पर आवश्यक अभिलेख यथा कामगारों के स्वास्थ्य प्रमाणपत्र , पेस्ट कंट्रोल रिपोर्ट, एक्सपायरी डेट से खाद्य पदार्थों को स्टोर से कितने दिन पहले हटाया जाना है संबंधी एसओपी मौके पर प्रस्तुत न किए जाने पर सुधार नोटिस जारी किए गए । पी जे टी जे टेक्नोलॉजी प्राइवेट लिमिटेड से तिल के तेल का 01 नमूना भी लिया गया ।

इस प्रकार कुल 18 ऑनलाइन प्लेटफॉर्म वाले वेयरहाउस तथा स्टोरों की चेकिंग की गई, जिनमें से 16 को सुधार नोटिस जारी किए गए तथा 03 नमूनें लेकर जांच हेतु भेजे गए। सभी को सख्त चेतावनी दी गई सभी आवश्यक अभिलेख स्टोरों पर सुरक्षित रखें जाए और मांगने पर प्रस्तुत किए जाएं तथा खाद्य सुरक्षा संबंधी प्राविधानों का पालन करते हुए ही खाद्य सामिग्री प्राप्त करें व उपभोक्ताओं को सप्लाई करें। कार्यवाही में मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी वीरेंद्र द्विवेदी व खाद्य सुरक्षा अधिकारी ओमपाल सिंह, अमर बहादुर सरोज, मुकेश कुमार, विजय बहादुर पटेल, श्री रविंद्र नाथ वर्मा, विशाल गुप्ता एवं रितु सक्सेना शामिल रहीं।
सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय ने बताया कि आगे भी इसी प्रकार से जिलाधिकारी के निर्देशन में जांच अभियान संचालित करते हुए नमूने संग्रहित करने की कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी, ताकि जनपद वासियों को निर्धारित मानकों के अनुरूप शुद्ध खाद्य एवं पेय पदार्थ उपलब्ध हो सके।