आज़ का मुद्दा पुष्पेन्द्र कुमार
अनूपशहर (बुलंदशहर)। आगामी कार्तिक मेले की तैयारियों के दृष्टिगत बुधवार को उपजिलाधिकारी अनूपशहर अरुण कुमार वर्मा एवं क्षेत्राधिकारी अनूपशहर शशांक श्रीवास्तव ने थाना अनूपशहर क्षेत्र के गंगा घाट का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस अवसर पर नगर पालिका, विद्युत विभाग एवं लोक निर्माण विभाग के अधिकारी भी उपस्थित रहे।निरीक्षण के दौरान मेले में आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुविधा तथा मेले को सकुशल एवं सुव्यवस्थित रूप से सम्पन्न कराने हेतु आवश्यक व्यवस्थाओं पर विचार-विमर्श किया गया।
घाटों एवं मेला परिसर की साफ-सफाई, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, आवागमन के मार्गों, यातायात एवं पार्किंग व्यवस्था तथा स्नान के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा सम्बन्धी तैयारियों की समीक्षा की गई। संबंधित विभागों के अधिकारियों से आपसी समन्वय स्थापित कर समय से आवश्यक व्यवस्थाएं पूर्ण करने तथा श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न होने देने के निर्देश दिए गए।

साथ ही मेला क्षेत्र में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने, भीड़ के सुचारु आवागमन तथा गंगा घाटों पर सतर्कता बरतने पर विशेष जोर दिया गया।