गौतमबुद्धनगर
वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (CAQM) द्वारा दिल्ली-एनसीआर में ग्रैप-3 लागू किए जाने के क्रम में जिलाधिकारी की अध्यक्षता में विगत दिवस वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा बैठक आयोजित की गई।बैठक में उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, नोएडा एवं ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण, यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (एआरटीओ), गौतमबुद्धनगर तथा उप जिलाधिकारी सदर, दादरी एवं जेवर सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनपद में निर्माण एवं विध्वंस कार्यों पर लगाए गए पूर्ण प्रतिबंध का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराया जाए। प्रतिबंध का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाए।उन्होंने सभी संबंधित विभागों को नियमित निरीक्षण एवं निगरानी करते हुए ग्रैप-3 के प्रावधानों का प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित करने तथा वायु प्रदूषण नियंत्रण हेतु आपसी समन्वय से कार्य करने के निर्देश दिए।
बैठक में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अजीत कुमार सिंह, क्षेत्रीय अधिकारी प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड एवं सम्बंधित अधिकारी उपस्थित रहे।