गौतमबुद्धनगर
विकसित भारत यंग लीडर कार्यक्रम के अंतर्गत जनपद स्तरीय युवा उत्सव का आयोजन ऑक्सफोर्ड ग्रीन पब्लिक स्कूल, सिरसा, ग्रेटर नोएडा में उत्साह एवं हर्षोल्लास के साथ किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मुख्य विकास अधिकारी भालचंद्र त्रिपाठी उपस्थित रहे। मुख्य अतिथि द्वारा दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया गया।कार्यक्रम के शुभारंभ अवसर पर नेहरू युवा केंद्र, माय भारत के उपनिदेशक शिवेंद्र सिंह, प्रभारी जिला युवा कल्याण अधिकारी अमृता चौधरी, ऑक्सफोर्ड ग्रीन पब्लिक स्कूल की प्रबंध निदेशिका नूतन भाटी, प्रधानाचार्य वंदना शर्मा सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ एवं विभिन्न विद्यालयों तथा ग्रामीण क्षेत्रों से आए प्रतिभागी उपस्थित रहे।युवा उत्सव के अंतर्गत युवाओं की प्रतिभा, रचनात्मकता एवं सांस्कृतिक अभिरुचि को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से पांच विधाओं में प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया।
.jpeg)
इनमें लोक नृत्य समूह, नुक्कड़ नाटक समूह, पेंटिंग, कविता लेखन एवं लोकगीत प्रतियोगिताएं प्रमुख रहीं। जनपद के विभिन्न विद्यालयों, विश्वविद्यालयों एवं ग्रामीण क्षेत्रों से आए प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करते हुए अपनी कला एवं कौशल का शानदार प्रदर्शन किया।प्रतियोगिताओं के परिणामों की जानकारी देते हुए प्रभारी जिला युवा कल्याण अधिकारी अमृता चौधरी ने बताया कि नुक्कड़ नाटक समूह प्रतियोगिता में शारदा यूनिवर्सिटी ने प्रथम तथा ऑक्सफोर्ड ग्रीन पब्लिक स्कूल, खेड़ा ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। लोक नृत्य समूह प्रतियोगिता में ऑक्सफोर्ड ग्रीन पब्लिक स्कूल, सिरसा ने प्रथम तथा गौतमबुद्ध विश्वविद्यालय ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। पेंटिंग प्रतियोगिता में गौतमबुद्ध विश्वविद्यालय के अखिल ने प्रथम, ऑक्सफोर्ड ग्रीन पब्लिक स्कूल, सिरसा की परीक्षा बंसल ने द्वितीय तथा इसी विद्यालय की आरुषि बंसल ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।

कविता लेखन प्रतियोगिता में सिद्धि दात्री ने प्रथम, अंशिका ने द्वितीय तथा श्रुति ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं लोकगीत प्रतियोगिता में ऑक्सफोर्ड ग्रीन पब्लिक स्कूल के प्रवीण ने प्रथम स्थान प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।कार्यक्रम के अंत में विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विजेता प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र एवं पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। प्रभारी जिला युवा कल्याण अधिकारी ने बताया कि यह प्रतियोगिता जनपद स्तर पर आयोजित की गई है। जनपद स्तर पर चयनित विजेता प्रतिभागी आगामी मंडल स्तरीय युवा उत्सव में प्रतिभाग कर जनपद का प्रतिनिधित्व करेंगे। मंडल स्तर पर आयोजित होने वाली प्रतियोगिता की तिथि पृथक से निर्धारित कर सूचित की जाएगी।

कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए मंच उपलब्ध कराने के साथ-साथ उनमेंरचनात्मकता, सांस्कृतिक चेतना, नेतृत्व क्षमता एवं सामाजिक सहभागिता की भावना को प्रोत्साहित करना रहा। कार्यक्रम के समापन अवसर पर प्रभारी जिला युवा कल्याण अधिकारी अमृता चौधरी ने आयोजन में सहयोग करने वाले सभी अतिथियों, विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकों, प्रतिभागियों एवं उपस्थित गणमान्य व्यक्तियों का आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया।