आज का मुद्दा
*बुलंदशहर: सिकंदराबाद नगर के दीक्षित पैलेस में शनिवार को उचित दर विक्रेता स्नेह मिलन समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सिकंदराबाद विधानसभा क्षेत्र के विधायक ठाकुर लक्ष्मीराज सिंह सम्मिलित हुए।समारोह की शुरुआत में आयोजकों द्वारा विधायक का फूल-मालाओं से स्वागत किया गया। इसके बाद विधायक लक्ष्मीराज सिंह ने कार्यक्रम में मौजूद सभी उचित दर विक्रेताओं को उनके द्वारा समाज के प्रति किए जा रहे उत्कृष्ट कार्यों के लिए प्रशस्ति पत्र और पुरस्कार देकर सम्मानित किया।

अपने संबोधन में विधायक लक्ष्मीराज सिंह ने कहा कि उचित दर विक्रेता सरकार और गरीब परिवारों के बीच एक महत्वपूर्ण कड़ी हैं। कोरोना काल से लेकर आज तक आप सभी ने ईमानदारी और निष्ठा के साथ हर जरूरतमंद परिवार तक राशन पहुंचाने का कार्य किया है, जो अत्यंत सराहनीय है। सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में आप सभी की भूमिका सबसे बड़ी है।उन्होंने आगे कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में गरीब कल्याण के लिए चलाई जा रही निःशुल्क राशन योजना को सफल बनाने में कोटेदारों का योगदान अतुलनीय है।
आप सभी इसी प्रकार सेवा भाव से कार्य करते रहें।इस अवसर पर उन्होंने उपस्थित सभी विक्रेताओं और लोगों को संबोधित करते हुए जनसेवा के संकल्प को दोहराया और कहा कि वे हमेशा उचित दर विक्रेताओं के हितों और सम्मान के लिए तत्पर रहेंगे।कार्यक्रम में बड़ी संख्या में क्षेत्र के उचित दर विक्रेता, भाजपा कार्यकर्ता और स्थानीय गणमान्य लोग उपस्थित रहे।