शासन की मंशा के अनुरूप जनपद गौतमबुद्धनगर में छठ पर्व को श्रद्धा, उल्लास एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन कृत संकल्पित है और सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। जनपद के स्थायी एवं अस्थायी छठ घाटों पर श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए स्वच्छता, पेयजल, शौचालय, स्वास्थ्य शिविर, प्रकाश व्यवस्था एवं सुरक्षा संबंधी प्रबंध किए गए हैं। साथ ही, किसी भी आपात स्थिति में त्वरित सहायता एवं समन्वय के लिए हेल्प डेस्क की व्यवस्था भी की गई है।
इसी क्रम में जिलाधिकारी ने आज नोएडा स्टेडियम में छठ पूजा के दृष्टिगत निर्मित कृत्रिम घाट का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने घाट परिसर में साफ-सफाई, बैरिकेडिंग, प्रकाश व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरों से निगरानी एवं पब्लिक एड्रेस सिस्टम सहित श्रद्धालुओं के लिए की गई व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं व्यवस्थापकों से तैयारियों की जानकारी लेते हुए पेयजल, शौचालय, स्वास्थ्य शिविर तथा आपातकालीन सहायता के लिए की गई व्यवस्थाओं के संबंध में भी जानकारी प्राप्त की।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने व्यवस्थापकों एवं उपस्थित श्रद्धालुओं से संवाद स्थापित कर आयोजन की तैयारियों एवं सुविधाओं के संबंध में फीडबैक भी लिया। उन्होंने कहा कि छठ पर्व के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी संबंधित व्यवस्थाएं समुचित रूप से संचालित रखी जाएं। जिला प्रशासन द्वारा पर्व के दौरान सुरक्षा, स्वच्छता एवं सुविधा से जुड़े सभी पहलुओं पर समन्वित रूप से कार्य किया जा रहा है। निरीक्षण के दौरान घाट पर की गई व्यवस्थाएं सुव्यवस्थित पाई गईं।
इस अवसर पर डीसीपी ट्रेफिक मनीषा सिंह, उप जिलाधिकारी अरूण कुमार, महासचिव/अध्यक्ष प्रवासी महासंघ एवं संबंधित प्रतिनिधि उपस्थित रहे।