भगवान बिरसा मुंडा जी की 151वीं जयंती के अवसर पर छठवां जनजातीय गौरव दिवस जनपद में पूरे उत्साह, श्रद्धा एवंगरिमामय वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर विकास भवन सभागार में मुख्य विकास अधिकारी भालचंद्र त्रिपाठी की अध्यक्षता में जनपद स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य भगवान बिरसा मुंडा सहित देश के जनजातीय स्वतंत्रता सेनानियों के अद्वितीय योगदान, संघर्ष, त्याग एवं बलिदान को स्मरण करते हुए जनजातीय समाज की समृद्ध संस्कृति और गौरवशाली इतिहास से नई पीढ़ी को परिचित कराना रहा।
कार्यक्रम के दौरान गढ़चिरौली, महाराष्ट्र में भारत के यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी की वर्चुअल माध्यम से गरिमामयीउपस्थिति में आयोजित राष्ट्रीय मुख्य समारोह का एलईडी स्क्रीन के माध्यम से सजीव प्रसारण किया गया। विकास भवन सभागार में उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने कार्यक्रम को देखा एवं सुना। इस दौरान जनजातीय समाज के उत्थान, उनकी सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण, सामाजिक एवं आर्थिक सशक्तिकरण तथा केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित विषयों को प्रमुखता से देखा एवं सुना गया।

विकास भवन सभागार में आयोजित जनपद स्तरीय कार्यक्रम के दौरान मुख्य विकास अधिकारी भालचंद्र त्रिपाठी एवं अन्य जनपद स्तरीय अधिकारियों द्वारा भगवान बिरसा मुंडा जी के छायाचित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया गया। इस अवसर पर भगवान बिरसा मुंडा के अदम्य साहस, अन्याय के विरुद्ध संघर्ष, स्वतंत्रता आंदोलन में योगदान तथा जनजातीय समाज के अधिकारों एवं स्वाभिमान की रक्षा के लिए किए गए उनके प्रयासों को याद किया गया।इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि आज हम सभी एक ऐसे महान जननायक और आदिवासी समाज के गौरव को श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए एकत्रित हुए हैं, जिन्होंने अपने जीवन के अल्प समय में ही समाज के अधिकारों, सम्मान और स्वाभिमान के लिए अद्भुत संघर्ष किया।
.jpeg)
कल्पना कीजिए कि जिस उम्र में युवा अपने भविष्य के सपने देखते हैं, उस उम्र में उन्होंने अंग्रेजी हुकूमत की जेल में कठोर यातनाएँ सहन कीं और अपने जीवन का बलिदान दे दिया। उनका संघर्ष केवल अपने लिए नहीं था, बल्कि उस आदिवासी समाज के लिए था, जो अपनी जमीन, जंगल, अधिकार और अस्तित्व की रक्षा के लिए संघर्ष कर रहा था। उस दौर में न आज जैसे यातायात के साधन थे और न ही संचार के माध्यम। एक ओर पारंपरिक हथियारों से लड़ने वाला सामान्य समाज था, तो दूसरी ओर आधुनिक बंदूकों और अपार संसाधनों से लैस अंग्रेजी सत्ता थी।
ऐसी विषम परिस्थितियों में अंग्रेजों जैसी शक्तिशाली हुकूमत के सामने खड़े होना और समाज को उसके अधिकारों के प्रति जागरूक करना कितना कठिन रहा होगा, इसकी कल्पना ही हमें उनके साहस का परिचय देती है।हम सब जानते हैं कि कोई भी समाज जब आर्थिक और सामाजिक परिस्थितियों के कारण पिछड़ जाता है, तो उसे आगे बढ़ने के लिए कितना संघर्ष करना पड़ता है। समय को पहचानकर उसके अनुसार कदम उठाने वाला ही आगे बढ़ता है। उनका संघर्ष, उनका साहस और उनका बलिदान आने वाली पीढ़ियों के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा। हमें उनके विचारों और आदर्शों को अपने जीवन में उतारकर समाज को आगे बढ़ाने का संकल्प लेना चाहिए।

इसी क्रम में अन्य शासकीय कार्यालयों में भी जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इन कार्यक्रमों में भगवान बिरसा मुंडा एवं अन्य जनजातीय स्वतंत्रता सेनानियों के चित्रों पर पुष्पांजलि अर्पित कर उनके योगदान को नमन किया गया। कार्यक्रमों के माध्यम से युवाओं को जनजातीय स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष और बलिदान से परिचित कराने के साथ ही अपनी सांस्कृतिक विरासत, परंपराओं एवं सामाजिक मूल्यों के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया गया।
इस अवसर पर जिला समाज कल्याण अधिकारी सतीश कुमार, जिला पूर्ति अधिकारी निलेश उत्पल, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर अरुण कुमार, उप निदेशक कृषि विवेक दुबे, जिला आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉक्टर वंदना रानी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे। सभी ने जनजातीय गौरव दिवस के आयोजन में सहभागिता करते हुए भगवान बिरसा मुंडा एवं अन्य जनजातीय महापुरुषों के योगदान को स्मरण किया।