आज़ का मुद्दा आशीष कुमार
बुलंदशहर। निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार 20 नवंबर से इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) प्रदर्शन केंद्र स्थापित किए जाएंगे। मतदाताओं को ईवीएम और वीवीपैट मशीनों के काम करने के तरीके के बारे में बताने के लिए मंगलवार को जिला निर्वाचन अधिकारी कुमार हर्ष ने मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति में ईवीएम स्ट्रांग रूम से प्रदर्शन के लिए मशीनों को निकलवाया।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने निर्देशित किया कि स्ट्रांग रूम से निकाली जा रही मशीनों को स्क्रीनिंग करने के उपरांत अलग कक्ष में रखवाया जाए।कलेक्ट्रेट सहित सभी विधानसभाओं में ईवीएम मशीन के प्रदर्शन के लिए केंद्र बनाए जाएंगे। केंद्रों पर प्रतिदिन सुबह 10 बजे से शाम 05 बजे तक मतदाता डेमो के जरिए मशीन से मतदान करने की प्रक्रिया कर सकेंगे। ईवीएम मशीन के प्रदर्शन के मौके पर मतदाताओं को मतदान प्रक्रिया के बारे में विस्तार से जानकारी दी जाएगी कि बैलेट यूनिट, कंट्रोल यूनिट और वीवीपैट कैसे काम करते हैं। मतदाता यह भी देख सकेंगे कि वोट डालने के बाद वीवीपैट से किस तरह की पेपर पर्ची निकलती है।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने मतदाताओं एवं मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों से अपील करते हुए कहा कि वह ईवीएम मशीन प्रदर्शन केंद्रों पर जाकर डेमो करते हुए मतदान करने की प्रक्रिया को समझें। उन्होंने कहा कि सभी केंद्रों पर रजिस्टर बनाकर उसमें मतदान करने वाले मतदाताओं एवं ईवीएम में डाले गए वोटों की एंट्री दर्ज करें। प्रतिदिन मशीनों को प्रदर्शन होने के उपरांत शाम में बनाए गए स्ट्रांग रूम में जमा कराएं। उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग के निर्देशों का अनुपालन सुनिश्चित कराया जाए।
.jpeg)
इस अवसर पर उप जिला निर्वाचन अधिकारी व अपर जिलाधिकारी (वि/रा) अभिषेक कुमार सिंह, उप जिलाधिकारी सदर रविकांत चौबे, सहायक निर्वाचन अधिकारी अरुण वर्मा, तहसीलदार अखिल गोयल सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।