आज़ का मुद्दा पुष्पेन्द्र कुमार
बुलंदशहर। कलेक्ट्रेट में बुधवार को आयोजित किसान दिवस में किसानों का दर्द छलक उठा। चौधरी कुलदीप गुड्डू के नेतृत्व में सैकड़ों किसान कलेक्ट्रेट पहुंचे और जोरदार तरीके से अपनी समस्याएं रखीं। कार्यक्रम की अध्यक्षता अपर जिलाधिकारी अभिषेक कुमार ने की, जिसमें विद्युत विभाग, डीडी एग्रीकल्चर, जिला कृषि अधिकारी, जिला गन्ना अधिकारी, एआर कॉपरेटिव सहित सभी विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
किसानों ने दो ज्ञापन सौंपे। पहला प्रधानमंत्री व राष्ट्रपति के नाम और दूसरा जिलाधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री के नाम।
राष्ट्रीय स्तर की बड़ी मांगें -
चौधरी कुलदीप गुड्डू ने कहा कि अग्निवीर योजना को तुरंत समाप्त कर पूर्व की तरह सेना में स्थाई भर्ती शुरू की जाए। पश्चिम उत्तर प्रदेश के लोगों को न्याय के लिए इलाहाबाद न जाना पड़े, इसलिए पश्चिम में हाईकोर्ट बेंच की स्थापना की जाए। ग्रीन फील्ड एक्सप्रेसवे से बुलंदशहर-बदायूं मार्ग और बुलंदशहर-अनूपशहर मार्ग पर उतरने-चढ़ने के लिए रास्ता दिया जाए।
गन्ना किसानों की प्रमुख मांगें -
उत्तर प्रदेश में गन्ना किसानों को 500 रुपये प्रति कुंतल भाव दिया जाए, सिंभावली शुगर मिल को पूर्व की तरह चालू कराया जाए, गन्ना पर्ची समय पर भेजी जाए ताकि गेहूं की बुवाई समय से हो सके और सिंभावली व बृजनाथपुर शुगर मिल पर बकाया 10 करोड़ रुपये का भुगतान तुरंत कराया जाए।
ग्रामीण समस्याओं पर फोकस -
अनूपशहर गंगा घाट मेले में सुरक्षा, बिजली, पानी, शौचालय, चेंजिंग रूम और सफाई की व्यवस्था, साधन सहकारी समिति याकूबपुर को स्थाई रूप से चलाने, आवारा पशुओं को गौशाला भेजने, गांव याकूबपुर सहित अन्य गांवों में पानी की टंकी चालू करने, हर गांव में नए बिजली पोल, नए ट्रांसफार्मर और ट्रांसफार्मर की क्षमता बढ़ाने तथा आबादी में 11000 की लाइन पर जाल लगाने, नाला-नाली सफाई, नई सड़क, पोखरों की सफाई, पशुओं के लिए अड़गड़ा लगाने, स्वास्थ्य केंद्रों पर डॉक्टर-नर्स-दवा-एंबुलेंस की व्यवस्था और काली नदी के पानी से बर्बाद फसल का मुआवजा देने की मांग प्रमुखता से उठाई गई।
किसान नेताओं ने दो टूक कहा - 15 दिन के अंदर समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो बड़ा आंदोलन होगा, जिसकी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी। किसी भी किसान का शोषण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
इस मौके पर चौधरी कुलदीप गुड्डू के साथ जितेंद्र चाहर, आदेश कुमार, डॉ. नईम, विवेक कुमार, नरेंद्र राव, मनोज कुमार, पवन कुमार, सतेंद्र शर्मा, नरेश कुमार, शिव कुमार सहित सैकड़ों किसान मौजूद रहे। अपर जिलाधिकारी ने सभी समस्याओं के गंभीरता से निस्तारण का आश्वासन दिया।