भारत की आवाज • सच के साथ
Updated: 18 November 2026 | Hindi News Portal
मुद्दा
आज का मुद्दा
नजर आपकी खबर आपकी
ब्रेकिंग
नोएडा विधानसभा चुनाव: किसी पहचान के मोहताज नहीं सपा प्रत्याशी मुकेश शर्मा , भाजपा के लिए बड़ी चुनौती निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर में उमड़ी भीड़, सैकड़ों लोगों ने उठाया लाभ 20 नवंबर से लगेंगे ईवीएम प्रदर्शन केंद्र, मतदाताओं को समझाई जाएगी मतदान प्रक्रिया गढ़, मखदूमपुर और अनूपशहर गंगा मेले में हुड़दंग पर जीरो टॉलरेंस, डीआईजी ने दिए सख्त निर्देश पंजाबी विकास मंच ने युवराज मेहता प्रकरण में न्याय की मांग उठाई, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नाम सौंपा ज्ञापन जनपद में वायु प्रदूषण नियंत्रण उपायों का किया स्थलीय निरीक्षण एवं समीक्षा विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान की तैयारियों को लेकर जिला निर्वाचन अधिकारी की अध्यक्षता बीएलओ एवं सुपरवाइजरों प्रशिक्षण सम्पन्न अनूपशहर से बसपा प्रत्याशी रहे मनोज प्रधान ने शेखपुर गढ़वा की बेटी नीता लोधी को दी बधाई, स्वर्ण पदक जीतने पर जताया गर्व छठ पर्व को लेकर अनूपशहर पुलिस सतर्क, सीओ शशांक श्रीवास्तव ने घाटों का किया निरीक्षण जनपद में छठ पर्व को सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन कृत संकल्पित
आज का मुद्दा पर प्रकाशित खबरों में स्थानीय संदर्भ, सत्यापन और पाठकों के काम की जानकारी को प्राथमिकता दी जाती है।
Uttar Pradesh

नोएडा विधानसभा चुनाव: किसी पहचान के मोहताज नहीं सपा प्रत्याशी मुकेश शर्मा , भाजपा के लिए बड़ी चुनौती

दो दशक से अधिक समय से सामाजिक क्षेत्र में सक्रिय हैं मुकेश शर्मा, डॉ. कुमार विश्वास के 'अपने अपने राम' कार्यक्रम के जरिए सभी वर्गों में बनाई पहचान; सपा प्रमुख से कई दौर की मुलाकातों के बाद टिकट को लेकर चर्चाएं तेज

आज का मुद्दा डिजिटल डेस्क | Updated: 18 Nov 2026, 10:05 AM | Views: 0 | 4 मिनट पढ़ें
नोएडा विधानसभा चुनाव: किसी पहचान के मोहताज नहीं सपा प्रत्याशी मुकेश शर्मा , भाजपा के लिए  बड़ी चुनौती

 नोएडा। उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां अभी से तेज होने लगी हैं। भले ही चुनाव में अभी समय हो, लेकिन राजनीतिक दलों ने संभावित प्रत्याशियों के चयन और चुनावी रणनीति पर अंदरखाने काम शुरू कर दिया है। खासतौर पर उन विधानसभा सीटों पर राजनीतिक दलों की नजर है, जहां उन्हें लंबे समय से सफलता नहीं मिली है। इसी क्रम में गौतमबुद्धनगर की नोएडा विधानसभा सीट इन दिनों राजनीतिक चर्चाओं के केंद्र में है। चर्चा है कि समाजवादी पार्टी (सपा) इस बार नोएडा से उद्यमी, शिक्षाविद और समाजसेवी मुकेश शर्मा को अपना प्रत्याशी बना सकती है। यदि ऐसा होता है तो इस सीट पर भाजपा के सामने एक नई और मजबूत चुनौती खड़ी हो सकती है।

नोएडा सीट पर भाजपा का रहा है दबदबा

नोएडा विधानसभा क्षेत्र वर्ष 2012 में नए परिसीमन के बाद दादरी से अलग होकर स्वतंत्र विधानसभा क्षेत्र के रूप में अस्तित्व में आया था। यहां से पहले विधायक बनने का गौरव भाजपा के डॉ. महेश शर्मा को मिला। वर्ष 2014 में उनके सांसद निर्वाचित होने के बाद हुए उपचुनाव में भाजपा की विमला बाथम ने जीत दर्ज की। इसके बाद वर्ष 2017 के विधानसभा चुनाव में भाजपा ने पंकज सिंह को मैदान में उतारा और उन्होंने जीत हासिल की। वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में भी पंकज सिंह ने अपनी जीत बरकरार रखी। इस तरह नोएडा विधानसभा सीट पर भाजपा लगातार अपना राजनीतिक दबदबा कायम रखने में सफल रही है।

दूसरी ओर समाजवादी पार्टी लगातार चुनाव लड़ने के बावजूद भाजपा को कड़ी चुनौती देने में सफल नहीं हो सकी। सपा की ओर से चुनाव मैदान में उतरे सुनील चौधरी को लगातार हार का सामना करना पड़ा। हालांकि सपा इस सीट पर दूसरे स्थान पर रही, लेकिन भाजपा के विजय अभियान को रोकने में कामयाब नहीं हो पाई।

कभी जनता दल का रहा था दबदबा

नोएडा और दादरी क्षेत्र की पुरानी राजनीतिक पृष्ठभूमि पर नजर डालें तो एक समय यहां जनता दल के नेता महेंद्र सिंह भाटी का खासा प्रभाव हुआ करता था। उनकी हत्या के बाद उनके पुत्र समीर भाटी ने वर्ष 1993 के विधानसभा चुनाव में जनता दल के टिकट पर जीत हासिल की थी। बाद में उन्होंने मुलायम सिंह यादव के नेतृत्व में जनता दल से अलग होकर गठित समाजवादी पार्टी का दामन थाम लिया। इसके बाद भाजपा और बसपा ने इस क्षेत्र में कई बार चुनावी सफलता हासिल की, लेकिन समाजवादी पार्टी अपनी मजबूत राजनीतिक जमीन तैयार करने में अपेक्षित सफलता हासिल नहीं कर सकी।

 मुकेश शर्मा के नाम पर सपा की नजर

अब आगामी विधानसभा चुनाव में सपा इस सीट पर अपनी रणनीति बदलने की तैयारी में दिखाई दे रही है। राजनीतिक चर्चाओं के मुताबिक पार्टी उद्यमी, शिक्षाविद और समाजसेवी मुकेश शर्मा को नोएडा से प्रत्याशी बनाने पर विचार कर सकती है। बताया जा रहा है कि मुकेश शर्मा की सपा प्रमुख से कई दौर की मुलाकातें भी हो चुकी हैं। हालांकि पार्टी की ओर से अभी तक उनकी उम्मीदवारी को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।

मुकेश शर्मा की सबसे बड़ी ताकत उनकी सामाजिक पहचान मानी जा रही है। उनकी कोई स्थापित राजनीतिक पृष्ठभूमि नहीं है, लेकिन पिछले दो दशकों से अधिक समय से सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय रहने के कारण नोएडा में विभिन्न वर्गों के बीच उनकी अच्छी पहचान बनी है।

अपने अपने राम' कार्यक्रम से बनाई अलग पहचान

हाल ही में मुकेश शर्मा ने नोएडा में प्रसिद्ध कवि एवं कथावाचक डॉ. कुमार विश्वास के लोकप्रिय कार्यक्रम 'अपने अपने राम' का सफल आयोजन कराया। इस कार्यक्रम के माध्यम से उन्होंने नोएडा के विभिन्न सामाजिक और व्यावसायिक वर्गों के लोगों को एक मंच पर जोड़ने का प्रयास किया। अनुमान है कि तीन दिवसीय इस आयोजन में नोएडा और आसपास के क्षेत्रों से लगभग एक लाख लोग जुड़े।

राजनीतिक दृष्टि से इस आयोजन को मुकेश शर्मा की सामाजिक स्वीकार्यता और जनसंपर्क के विस्तार के तौर पर देखा जा रहा है। कार्यक्रम में अलग-अलग राजनीतिक विचारधाराओं और सामाजिक पृष्ठभूमि के लोगों की मौजूदगी ने भी राजनीतिक चर्चाओं को हवा दी है।

भाजपा संगठन भी संभावित चुनौती को लेकर सतर्क

राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि यदि समाजवादी पार्टी मुकेश शर्मा को अपना प्रत्याशी घोषित करती है तो नोएडा विधानसभा सीट पर मुकाबले का समीकरण बदल सकता है। भाजपा के लिए यह चुनौती इसलिए भी महत्वपूर्ण हो सकती है क्योंकि मुकेश शर्मा की पहचान केवल किसी एक राजनीतिक वर्ग तक सीमित नहीं बताई जा रही है। लंबे समय से सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय रहने के कारण उनके पास स्थानीय स्तर पर जनसंपर्क का आधार मौजूद है।

यह भी चर्चा है कि भाजपा संगठन संभावित राजनीतिक चुनौती को देखते हुए अपनी तैयारियों में जुट गया है। दिलचस्प बात यह है कि डॉ. कुमार विश्वास के 'अपने अपने राम' कार्यक्रम में भाजपा संगठन से जुड़े कुछ असंतुष्ट चेहरे भी बड़ी संख्या में दिखाई दिए थे। इसे नोएडा की स्थानीय राजनीति में बदलते समीकरणों से जोड़कर देखा जा रहा है।

 क्या बदलेंगे नोएडा के चुनावी समीकरण?

अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या समाजवादी पार्टी इस बार नोएडा विधानसभा सीट पर किसी नए चेहरे को मौका देकर भाजपा के लगातार जीत के सिलसिले को चुनौती दे पाएगी? क्या मुकेश शर्मा की सामाजिक पहचान चुनावी समर्थन में तब्दील हो सकेगी? और क्या भाजपा अपने मजबूत संगठन तथा लगातार जीत के रिकॉर्ड के दम पर एक बार फिर सीट बचाने में सफल होगी?

फिलहाल मुकेश शर्मा की उम्मीदवारी को लेकर चर्चाएं जारी हैं और सपा की ओर से आधिकारिक घोषणा का इंतजार है। लेकिन इतना तय है कि यदि सपा उनके नाम पर मुहर लगाती है तो नोएडा विधानसभा का आगामी चुनाव पहले के मुकाबले कहीं अधिक दिलचस्प और राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण हो सकता है।

आज का मुद्दा Hindi News Breaking News Uttar Pradesh

Author: आज का मुद्दा डिजिटल डेस्क

आज का मुद्दा जनता से जुड़े मुद्दों, स्थानीय खबरों और देश-दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को प्रमुखता से प्रकाशित करता है।

संबंधित खबरें