आज का मुद्दा | गौतमबुद्धनगर
दादरी। विश्व शौचालय दिवस के अवसर पर नगर पालिका परिषद दादरी की ओर से स्वच्छता को लेकर एक विशेष जागरूकता अभियान की शुरुआत की गई। अधिशासी अधिकारी सुश्री शालिनी गुप्ता के निर्देशन में नगर पालिका परिषद द्वारा वार्ड संख्या-11, मोहल्ला न्यादरगंज स्थित तहसील गेट के पास सार्वजनिक शौचालय परिसर में ‘क्लीन टॉयलेट कैंपेन-2026’ का शुभारंभ किया गया। इस दौरान सार्वजनिक शौचालयों की साफ-सफाई, बेहतर रखरखाव और स्वच्छता के प्रति नागरिकों को जागरूक करने के उद्देश्य से कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम के माध्यम से लोगों को स्वच्छता के महत्व के प्रति जागरूक करते हुए सार्वजनिक शौचालयों को साफ-सुथरा और व्यवस्थित बनाए रखने का संदेश दिया गया। अभियान के अंतर्गत नागरिकों ने संकल्प लिया कि वे सार्वजनिक शौचालयों का नियमित एवं उचित उपयोग करेंगे तथा उनकी स्वच्छता बनाए रखने में अपनी जिम्मेदारी निभाएंगे।
.jpeg)
नगर पालिका परिषद की ओर से आयोजित इस अभियान का मुख्य उद्देश्य सार्वजनिक शौचालयों की नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करना, उनके बेहतर रखरखाव को बढ़ावा देना और आमजन को स्वच्छता के प्रति अपनी जिम्मेदारी का एहसास कराना है। कार्यक्रम में इस बात पर विशेष जोर दिया गया कि स्वच्छता केवल नगर पालिका या प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सहभागिता से ही शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाया जा सकता है।
इस अवसर पर वार्ड संख्या-11 के सभासद, स्थानीय नागरिक और नगर पालिका परिषद के कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने सार्वजनिक शौचालयों को स्वच्छ एवं सुव्यवस्थित बनाए रखने के लिए सामूहिक प्रयास करने की बात कही। साथ ही खुले में शौच की प्रवृत्ति को समाप्त करने और स्वच्छ वातावरण को बढ़ावा देने पर भी जोर दिया गया।
.jpeg)
नागरिकों से अधिशासी अधिकारी ने की विशेष अपील
अधिशासी अधिकारी सुश्री शालिनी गुप्ता ने नगर के समस्त नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि सार्वजनिक शौचालयों का अधिक से अधिक उपयोग करें और उन्हें स्वच्छ बनाए रखने में नगर पालिका का सहयोग करें। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक सुविधाओं का सही उपयोग और उनकी साफ-सफाई बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। नागरिकों के सहयोग से ही स्वच्छ, सुंदर और स्वस्थ दादरी का निर्माण संभव है।
उन्होंने अभियान के माध्यम से स्वच्छता को जनभागीदारी से जोड़ने पर जोर दिया। नगर पालिका परिषद का प्रयास है कि शहर के सार्वजनिक शौचालय नियमित रूप से साफ-सुथरे रहें और लोगों को बेहतर स्वच्छता सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।