ग्रेटर नोएडा। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री पं लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर बुधवार को ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण में कार्यक्रम आयोजित कर दोनों महान विभूतियों को श्रद्धापूर्वक याद किया गया। कार्यक्रम में प्राधिकरण के अधिकारियों और कर्मचारियों ने महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री की प्रतिमाओं पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया और उनके आदर्शों एवं विचारों को अपने जीवन में अपनाने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के एसीईओ सुमित यादव ने कहा कि महात्मा गांधी के सिद्धांत आज भी उतने ही प्रासंगिक हैं, जितने स्वतंत्रता आंदोलन के दौर में थे। उन्होंने कहा कि देशवासियों को आजादी के आंदोलन से एक सूत्र में पिरोने में महात्मा गांधी की महत्वपूर्ण भूमिका रही। गांधी जी के विचारों को केवल पढ़ना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उन्हें आत्मबोध कर व्यवहार मेंउतारना आवश्यक है।ओएसडी अभिषेक पाठक ने कहा कि महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री का पूरा जीवन देशसेवा, सादगी, सत्य और कर्तव्यनिष्ठा का संदेश देता है। उनके जीवन मूल्यों का अनुसरण करना हम सभी का दायित्व है। कार्यक्रम में अन्य वक्ताओं ने भी दोनों महान नेताओं के व्यक्तित्व और कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए उनके आदर्शों को वर्तमान समय में प्रासंगिक बताया।
कार्यक्रम का संचालन ओएसडी अर्चना द्विवेदी ने किया। इस दौरान ओएसडी मुकेश कुमार सिंह, ओएसडी लवगीत कौर, ओएसडी अजय शर्मा, पीजीएम संदीप चंद्रा, डीजीएम वित्त सुधीर कुमार गंगवार, वरिष्ठ प्रबंधक राजेश कुमार गौतम, वरिष्ठ प्रबंधक अजित भाई पटेल सहित प्राधिकरण के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।