ग्रेटर नोएडा। यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) की 94वीं बोर्ड बैठक बृहस्पतिवार को अध्यक्ष एवं अवस्थापना व औद्योगिक विकास आयुक्त आलोक कुमार की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। सबसे अहम निर्णय आवासीय भूखंड आवंटियों को भवन निर्माण के लिए मिलने वाली निःशुल्क समय सीमा एक साल बढ़ाने का रहा। अब आवंटी 31 दिसंबर 2027 तक बिना शुल्क भवन निर्माण करा सकेंगे। पहले यह समय सीमा 31 दिसंबर 2026 तक थी।
बैठक में प्राधिकरण की वित्तीय स्थिति की जानकारी देते हुए बताया गया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 में 30 अक्टूबर तक कुल प्राप्तियां 7071.48 करोड़ रुपये रहीं, जो पिछले वर्ष की समान अवधि की तुलना में करीब चार गुना अधिक हैं। भूमि अधिग्रहण के लिए निर्धारित बजट में से 4985.47 करोड़ रुपये खर्च किए गए। जेवर एयरपोर्ट परियोजना के भूमि अधिग्रहण पर 565.15 करोड़ रुपये का भुगतान किया गया।

बोर्ड ने औद्योगिक सेक्टर-4ए और 4ई में भूखंडों के लिए किसानों से आपसी सहमति के आधार पर जमीन खरीदने का निर्णय लिया। इसके अलावा उत्तर प्रदेश निजी बिजनेस पार्क विकास योजना-2025 को भी अंगीकृत किया गया। इसके तहत सेक्टरों के चयन और भूखंडों की योजना तैयार की जाएगी।बैठक में यीडा के सर्विस मास्टर प्लान-2041 का प्रस्तुतीकरण किया गया, जिसमें जलापूर्ति और सीवरेज मास्टर प्लान शामिल हैं। वहीं, यमुना एक्सप्रेसवे के जिकरपुर से टप्पल कट तक क्षतिग्रस्त सर्विस रोड की मरम्मत के लिए 6.65 करोड़ रुपये की लागत प्रस्तावित की गई।इसके अलावा प्राधिकरण क्षेत्र में अपशिष्ट प्रबंधन के लिए ड्राफ्ट उपविधियों को मंजूरी दी गई। प्राधिकरण के संस्थानों में रूफटॉप सोलर प्लांट लगाने और आगरा अर्बन सेंटर की महायोजना-2041 के प्रारूप को भी स्वीकृति दी गई।
बोर्ड ने उत्तर प्रदेश मॉडल भवन विनियम-2026 को अंगीकृत किया। बैठक में किसानों के सात प्रतिशत आबादी भूखंड और अतिरिक्त प्रतिकर की भी समीक्षा की गई। प्राधिकरण के अनुसार अब तक 14,281 किसानों के लिए प्रकाशन, 11,229 को आरक्षण पत्र जारी और 5,147 भूखंड नियोजित किए जा चुके हैं। किसानों को 64.7 प्रतिशत अतिरिक्त प्रतिकर के रूप में करीब 3,183.13 करोड़ रुपये का भुगतान भी किया गया है।