दादरी। छठ महापर्व को लेकर नगर पालिका परिषद दादरी ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में गुरुवार को नगर पालिका परिषद की अधिशासी अधिकारी सुश्री शालिनी गुप्ता ने पालिका टीम के साथ क्षेत्र के विभिन्न छठ घाटों का स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अधिशासी अधिकारी ने घाटों पर साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था (लाइटिंग), पेयजल, बैरिकेडिंग और समतलीकरण से संबंधित व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिए कि पर्व से पहले सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली जाएं, ताकि श्रद्धालुओं और व्रतियों को पूजा-अर्चना के दौरान किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
.jpeg)
शालिनी गुप्ता ने विशेष रूप से घाटों के आसपास स्वच्छता बनाए रखने, गहरे पानी की ओर सुरक्षा घेरा बनाने और निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों को व्यवस्थाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए।
इस निरीक्षण कार्यक्रम में वार्ड संख्या-16 के सभासद आदेश भाटी (टोनी), अवर अभियंता (सिविल) जयपाल, उत्कर्ष सिंह तोमर, तकनीकी सहायक अरुण कुमार, सोहराब और साबिर सहित अन्य लोग मौजूद रहे। इस दौरान जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने भी आवश्यक सुझाव दिए, जिन पर तत्काल अमल करने के निर्देश दिए गए।
नगर पालिका प्रशासन का उद्देश्य छठ महापर्व के दौरान श्रद्धालुओं को स्वच्छ, सुरक्षित और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है।