बस्ती( इंद्र यादव )।किताबों का ज्ञान बांटते-बांटते मैडम जी को खुद ही कुछ ऐसा 'पाठ' याद आया कि वे अपने ही नाबालिग छात्र को लेकर गायब हो गईं। मामला उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले के कप्तानगंज थाना क्षेत्र का है, जहां एक 26 वर्षीय शिक्षिका पर 11वीं कक्षा के 16 वर्षीय छात्र को बहला-फुसलाकर भगा ले जाने का गंभीर आरोप लगा है।
मिली जानकारी के अनुसार, रूपाली नाम की यह शिक्षिका पिछले एक साल से स्कूल में बच्चों का भविष्य संवारने का काम कर रही थीं। लेकिन किसे पता था कि वे अपने ही एक छात्र का वर्तमान और भविष्य दोनों अपने साथ समेट कर ले जाएंगी।जब छात्र अचानक घर से लापता हुआ, तो परिजनों के हाथ-पांव फूल गए। रिश्तेदारों से लेकर दोस्तों के घर तक, हर संभावित ठिकाने पर खाक छानने के बाद भी जब बेटे का कोई सुराग नहीं लगा, तो पिता सीधे पुलिस की शरण में पहुंचे। पिता ने पुलिस को दी तहरीर में साफ आरोप लगाया है कि स्कूल की मैडम ही उनके नाबालिग बेटे को 'एक्स्ट्रा क्लास' के नाम पर बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गई हैं।
फिलहाल, कप्तानगंज पुलिस ने शिक्षिका के खिलाफ एफआईआर (FIR) दर्ज कर ली है। अब खाकी वर्दी वाले इस 'अनोखे' प्रेम-प्रसंग या अपहरण की गुत्थी सुलझाने और दोनों की लोकेशन ट्रेस करने में जुटे हैं।