भारत की आवाज • सच के साथ
Updated: 20 November 2026 | Hindi News Portal
मुद्दा
आज का मुद्दा
नजर आपकी खबर आपकी
ब्रेकिंग
1857 की क्रांति की गौरवगाथा का साक्षी बना अम्बाला का भव्य शहीद स्मारक, ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने मीडिया कर्मियों को कराया अवलोकन कबाड़ के गोदाम में लगी भीषण आग, आसमान में छाया धुएं का गुबार, मची अफरातफरी विश्व शौचालय दिवस पर दादरी में ‘क्लीन टॉयलेट कैंपेन-2026’ का शुभारंभ, सार्वजनिक शौचालयों की स्वच्छता को लेकर नागरिकों ने लिया संकल् मतदाता जागरूकता हेतु जनपद में 20 नवंबर से संचालित होंगे ईवीएम प्रदर्शन केंद्र अधिशासी अधिकारी शालिनी गुप्ता के निर्देशन में आयोजित हुआ जागरूकता कार्यक्रम, नागरिकों से सार्वजनिक शौचालयों को स्वच्छ रखने की अपील किसान दिवस में गरजे किसान, 16 सूत्रीय मांगों को लेकर पीएम और सीएम को भेजा ज्ञापन भक्ति के रंग में रंगा डिबाई, भव्यता के साथ संपन्न हुआ छठवां श्री श्याम वंदना महोत्सव... देर शामको आहार में माँ गंगा एवं माँ अवंतिका देवी की दिव्य महाआरती में सम्मिलित हुए समाजसेवी शिवा विजय देवउठनी एकादशी चंडीगढ़ से दिल्ली जा रही अवैध अंग्रेजी शराब की 125 पेटियां पुलिस ने पकड़ी
आज का मुद्दा पर प्रकाशित खबरों में स्थानीय संदर्भ, सत्यापन और पाठकों के काम की जानकारी को प्राथमिकता दी जाती है।
state and city

1857 की क्रांति की गौरवगाथा का साक्षी बना अम्बाला का भव्य शहीद स्मारक, ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने मीडिया कर्मियों को कराया अवलोकन

हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री श्री अनिल विज की उपस्थिति में आज चण्डीगढ़ और अम्बाला से आए मीडिया कर्मियों ने आजादी की पहली लड़ाई को समर्पित अम्बाला स्थित भव्य शहीद स्मारक का अवलोकन किया।

आज का मुद्दा डिजिटल डेस्क | Updated: 19 Nov 2026, 10:13 PM | Views: 0 | 4 मिनट पढ़ें
1857 की क्रांति की गौरवगाथा का साक्षी बना अम्बाला का भव्य शहीद स्मारक, ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने मीडिया कर्मियों को कराया अवलोकन

(संजय राय , आज का मुद्दा)

चण्डीगढ़/अम्बाला, हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री श्री अनिल विज की उपस्थिति में आज चण्डीगढ़ और अम्बाला से आए मीडिया कर्मियों ने आजादी की पहली लड़ाई को समर्पित अम्बाला स्थित भव्य शहीद स्मारक का अवलोकन किया। इस अवसर पर ऊर्जा मंत्री श्री अनिल विज ने स्मारक पहुंचे मीडिया कर्मियों का पुष्प भेंट कर स्वागत एवं अभिनंदन किया। वहीं, शहीद स्मारक के निदेशक डॉ. कुलदीप सैनी ने स्मारक पहुंचने पर ऊर्जा मंत्री का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया।

ऊर्जा मंत्री श्री अनिल विज ने मीडिया कर्मियों को स्मारक का अवलोकन करवाते हुए बताया कि लगभग 22 एकड़ भूमि पर 600 करोड़ रुपये की लागत से इस भव्य शहीद स्मारक का निर्माण किया गया है। इसका उद्घाटन गत 5 नवम्बर, 2026 को केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह द्वारा किया गया था। उन्होंने मीडिया कर्मियों को स्मारक में स्थापित आजादी की पहली लड़ाई को समर्पित विभिन्न गैलरियों तथा उनसे जुड़ी ऐतिहासिक घटनाओं की विस्तृत जानकारी दी।

श्री विज ने बताया कि स्मारक परिसर में 63 मीटर ऊंचा कमल के फूल की आकृति वाला टॉवर बनाया गया है। रात्रि के समय इस टॉवर पर आधुनिक तकनीक के माध्यम से आकर्षक लाइट एंड साउंड शो प्रस्तुत किया जाता है, जिसमें वर्ष 1857 की क्रांति से जुड़ी घटनाओं को दर्शाया जाता है। इसके अलावा, स्मारक में निर्मित ओपन एयर थिएटर में लगभग 2,500 लोग एक साथ लाइट एंड साउंड शो का आनंद ले सकते हैं।


रिसेप्शन गैलरी में 1857 की क्रांति से जुड़े ऐतिहासिक तथ्यों की दी जानकारी

ऊर्जा मंत्री ने सबसे पहले रिसेप्शन गैलरी में मीडिया कर्मियों को स्मारक के प्रवेश से लेकर आगे की विभिन्न गैलरियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रत्येक गैलरी में उन स्थानों और घटनाओं का विस्तृत चित्रण किया गया है, जहां आजादी की पहली लड़ाई लड़ी गई थी। रिसेप्शन गैलरी में उन्होंने वर्ष 1857 की क्रांति के बाद ईस्ट इंडिया कंपनी की बंगाल सेना में हुए व्यापक बदलावों के बारे में भी जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि क्रांति के बाद बंगाल सेना की नियमित नेटिव इन्फैंट्री की कुल 74 रेजिमेंटों में से 55 ने प्रतिरोध किया, 15 को निःशस्त्र कर दिया गया, दो को मई 1857 से पहले ही भंग कर दिया गया, जबकि केवल तीन रेजिमेंट वफादार बनी रहीं। इसी प्रकार, नियमित लाइट कैवेलरी की सभी 10 रेजिमेंटों ने प्रतिरोध किया अथवा उन्हें निःशस्त्र कर दिया गया। अधिकांश अनियमित सैन्य टुकड़ियों और नेटिव हॉर्स आर्टिलरी की बैटरियों की स्थिति भी ऐसी ही रही।

1857 की आजादी की पहली लड़ाई की चिंगारी अम्बाला से उठी थी - अनिल विज

श्री विज ने कहा कि वर्ष 1857 में आजादी की पहली लड़ाई की चिंगारी अम्बाला से उठी थी। इस ऐतिहासिक संघर्ष और शहीदों के बलिदान को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाने के उद्देश्य से इस भव्य स्मारक के निर्माण के लिए उन्होंने लंबा संघर्ष किया है। उन्होंने बताया कि स्मारक में गुमनाम नायकों (अनसंग हीरोज) को श्रद्धांजलि देने के लिए एक विशेष गैलरी भी बनाई गई है। यहां ऐसी व्यवस्था की गई है कि जो भी व्यक्ति इस गैलरी में जाकर शहीदों को श्रद्धासुमन अर्पित करेगा, उसका नाम भी दर्ज किया जाएगा। उन्होंने मीडिया कर्मियों सहित स्मारक में आने वाले सभी दर्शकों से आग्रह किया कि वे इस गैलरी में अवश्य जाएं और देश के वीर शहीदों को अपने श्रद्धासुमन अर्पित करें।

15 नवम्बर से 15 दिसम्बर तक ऑनलाइन बुकिंग पर प्रवेश निःशुल्क

ऊर्जा मंत्री ने बताया कि फिलहाल ट्रायल के तौर पर प्रतिदिन केवल 500 लोगों को स्मारक में प्रवेश की अनुमति दी गई है। 15 नवम्बर से 15 दिसम्बर तक ऑनलाइन बुकिंग करवाने वाले दर्शकों के लिए प्रवेश निःशुल्क रखा गया है। बुकिंग ऑनलाइन के साथ-साथ विंडो पर भी करवाई जा सकती है। उन्होंने कहा कि इस भव्य स्मारक को देखने के लिए लोगों में काफी उत्साह है। प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग यहां पहुंचकर स्मारक का अवलोकन कर रहे हैं और इसके ऐतिहासिक महत्व को जानकर गौरव का अनुभव कर रहे हैं।

इस अवसर पर चण्डीगढ़ से आए मीडिया कर्मियों सहित अन्य मीडिया प्रतिनिधियों ने ऊर्जा मंत्री श्री अनिल विज का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह भव्य स्मारक देश के वीर शहीदों को नमन करने का एक महत्वपूर्ण स्थल है। इसके निर्माण से अम्बाला को एक नई पहचान मिली है। उन्होंने इस स्मारक के निर्माण के लिए श्री अनिल विज द्वारा किए गए प्रयासों की भी सराहना की। मीडिया कर्मियों द्वारा स्मारक की प्रशंसा किए जाने पर ऊर्जा मंत्री ने उनका धन्यवाद किया।

लगभग 6घंटे में देखा जा सकता है स्मारक का इतिहास और गौरवगाथा

इस अवसर पर शहीद स्मारक के निदेशक डॉ. कुलदीप सैनी ने भी पत्रकारों का स्वागत किया और स्मारक की गतिविधियों तथा ऐतिहासिक महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रत्येक गैलरी में गाइड के माध्यम से उस समय घटित घटनाओं का प्रभावशाली ढंग से वर्णन किया जाता है। पूरे स्मारक को देखने और इसकी विभिन्न गैलरियों का अवलोकन करने में लगभग छह घंटे का समय लगता है। उन्होंने कहा कि यहां आने वाला प्रत्येक व्यक्ति वर्ष 1857 की क्रांति के इतिहास और वीर शहीदों के बलिदान की स्मृतियां अपने साथ लेकर जाता है।

इस अवसर पर शहीद स्मारक के निदेशक डॉ. कुलदीप सैनी, विभिन्न समाचार पत्रों के प्रतिनिधि, इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के पत्रकार, छायाकार तथा अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

आज का मुद्दा Hindi News Breaking News state and city

Author: आज का मुद्दा डिजिटल डेस्क

आज का मुद्दा जनता से जुड़े मुद्दों, स्थानीय खबरों और देश-दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को प्रमुखता से प्रकाशित करता है।

संबंधित खबरें