आज सोशल मीडिया के दौर में किसी व्यक्ति की छवि बनाना और बिगाड़ना बहुत आसान हो गया है। किसी की एक गलती, एक अधूरा वीडियो या एक बयान लेकर उसे जीवन भर के लिए मूर्ख, नासमझ या कमजोर घोषित कर दिया जाता है।
क्या यह उचित है?
किसी बच्चे को बचपन में कमजोर विद्यार्थी कहकर उसकी पहचान बना देना, किसी युवा की एक गलती पर उसका मजाक उड़ाना या किसी व्यक्ति के एक बयान के आधार पर उसकी पूरी बुद्धिमत्ता का फैसला कर देना हमारी सामाजिक सोच पर सवाल खड़ा करता है।हर व्यक्ति में कुछ खूबियाँ होती हैं और कुछ कमियाँ। कोई पढ़ाई में अच्छा होता है तो कोई व्यवहार में, कोई बोलने में कुशल होता है तो कोई काम करने में। किसी की एक कमजोरी उसकी पूरी योग्यता का प्रमाण नहीं हो सकती।
राजनीति और सार्वजनिक जीवन में भी यही सिद्धांत लागू होना चाहिए। किसी नेता के विचारों और फैसलों से असहमति हो सकती है। उसके गलत निर्णयों की खुलकर आलोचना होनी चाहिए, लेकिन उसके अच्छे कामों को भी स्वीकार करने का साहस होना चाहिए।हमें यह भी समझना चाहिए कि लगातार अपमान और उपहास किसी संवेदनशील व्यक्ति के आत्मविश्वास और मानसिक स्वास्थ्य पर असर डाल सकते हैं। किसी की हँसी उड़ाना आसान है, लेकिन उसके मन पर पड़ने वाले प्रभाव को समझना जरूरी है।
वीरेश तिवारी का मानना है कि समाज में आलोचना की स्वतंत्रता जरूर होनी चाहिए, लेकिन उसके साथ मानवीय गरिमा और जिम्मेदारी भी होनी चाहिए।
किसी को उसकी एक गलती से मत पहचानिए। किसी की पूरी बात सुनिए, संदर्भ समझिए, तथ्यों की जाँच कीजिए और फिर अपनी राय बनाइए।याद रखिए, किसी को गलत साबित करने की जल्दबाजी में हम स्वयं गलत न हो जाएँ।एक सभ्य समाज की पहचान यह नहीं कि वहाँ कोई गलती नहीं करता, बल्कि यह है कि वहाँ गलती करने वाले को सुधारने का अवसर दिया जाता है, अपमानित करके तोड़ा नहीं जाता।
वीरेश तिवारी, स्तंभकार एवं लेखक