आज का मुद्दा / आशीष कुमार
बुलंदशहर। स्याना में विजयदशमी पर्व पर बुराई पर अच्छाई की जीत के प्रतीक के रूप में रावण के पुतले का दहन किया गया।
आदर्श रामलीला कमेटी के तत्वावधान में वैर-फिरोजपुर मार्ग स्थित रामलीला मैदान में मेले का आयोजन किया गया। मंगलवार रात्रि आठ बजे विधायक देवेंद्र सिंह लोधी ने धनुष-बाण चलाकर रावण के पुतले का दहन किया, जिसके साथ ही पूरा मैदान जय श्रीराम के नारों से गूंज उठा।

इससे पूर्व मथुरा-वृंदावन से आए कलाकारों द्वारा रामायण पाठ एवं रावण वध लीला का सजीव मंचन किया गया। मेले में नगर सहित आसपास के दर्जनों गांवों से हजारों की संख्या में लोग पहुंचे।सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर एसडीएम लालजी विश्वकर्मा सीओ रामकरण सिह कोतवाली प्रभारी रामनारायण सिंह भारी पुलिस बल के साथ मौके पर मौजूद रहे।

इस अवसर पर कमेटी अध्यक्ष संजय कश्यप, आनंद चौधरी, शशिकांत शर्मा, अनुराग शर्मा, सुरेंद्र कश्यप, महेश प्रजापति, प्रवेश अग्रवाल, गणेशी अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग मौजूद रहे।