इंद्र यादव/मुंबई की स्टाइल में कहें तो गुटखा बेचकर कुछ लोगों की जेबें भर रही थीं, लेकिन जनता की सेहत में जहर घोला जा रहा था! महाराष्ट्र में प्रतिबंधित गुटखे की खरीद-बिक्री और तस्करी पर रोक के दावों के बीच ठाणे के कळवा में पुलिस ने ऐसी कार्रवाई की है, जिसने इस अवैध कारोबार की एक और परत खोल दी है।
कळवा पुलिस ने पारसिक सर्कल में छापा मारकर करीब 94 लाख 78 हजार रुपये का प्रतिबंधित गुटखा और उसे ढोने वाला कंटेनर जब्त किया है। इस मामले में कंटेनर चालक को गिरफ्तार किया गया है, जबकि सात अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।पुलिस के मुताबिक, 26 नवंबर 2026 को दोपहर करीब 1:40 बजे पारसिक सर्कल, कळवा में पुलिस टीम ने एक संदिग्ध आयशर कंटेनर (TG-12-U-1611) को रोककर तलाशी ली।
तलाशी के दौरान जो मिला, उसने पुलिस को भी चौंका दिया। कंटेनर के आगे और पीछे दूसरे सामान रखे गए थे, जबकि उनके बीच छिपाकर 53 बड़ी बोरियों में प्रतिबंधित 'Gold 9000' गुटखा ले जाया जा रहा था।यानी ऊपर से सामान्य मालवाहक कंटेनर और अंदर से प्रतिबंधित गुटखे की सप्लाई का कथित खेल!
प्रतिबंधित 'Gold 9000' गुटखा: 19,080 पैकेट – कीमत 66,78,000 रुपये।
आयशर कंटेनर – कीमत 28,00,000 रुपये।
कुल जब्त माल – 94,78,000 रुपये।
एक चालक गिरफ्तार, सात आरोपी पुलिस की रडार पर
पुलिस ने कंटेनर चालक मेहराज करीम शेख (32), निवासी भिवंडी और मूल निवासी हैदराबाद को गिरफ्तार किया है।पुलिस अब इस अवैध कारोबार से जुड़े कथित उत्पादकों, ट्रांसपोर्टरों और वितरकों समेत सात अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है। जांच का बड़ा सवाल यह है कि आखिर इतना बड़ा प्रतिबंधित माल कहां से आया था और इसकी सप्लाई किन-किन इलाकों में होनी थी
महाराष्ट्र में गुटखे पर प्रतिबंध है। इसके बावजूद अगर लाखों रुपये का माल कंटेनरों में भरकर सड़कों पर दौड़ रहा है, तो सवाल सिर्फ पकड़े गए चालक का नहीं है। सवाल उस पूरे नेटवर्क का है, जो इस कारोबार को चलाता है।
आखिर गुटखा बनाने वाले कौन हैं? इसे बाजार तक पहुंचाने वाले कौन हैं? और जिन दुकानों तक यह माल पहुंचता है, उन पर कार्रवाई कब होगीजनता के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वालों के लिए एक सवाल है—क्या कुछ रुपयों के मुनाफे के सामने इंसान की जिंदगी की कोई कीमत नहीं।गुटखा खाने वाला व्यक्ति अपनी सेहत को नुकसान पहुंचाता है, लेकिन इसे बनाने और बेचने वाला नेटवर्क दूसरों की जिंदगी से भी खिलवाड़ करता है। युवाओं को नशे की गिरफ्त में धकेलने वाले इस कारोबार पर केवल माल जब्त करना काफी नहीं है। जरूरत है पूरे नेटवर्क की जड़ तक पहुंचने की।
यह कार्रवाई अपर पुलिस आयुक्त अशोक दुधे और पुलिस उपायुक्त बालासाहेब पाटील के मार्गदर्शन में की गई। अन्न सुरक्षा अधिकारी अरुणा वीरकायदे की शिकायत पर कळवा पुलिस स्टेशन में अपराध क्रमांक 743/2026 के तहत खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 और भारतीय न्याय संहिता 2023 की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।अब देखना यह होगा कि पुलिस इस मामले में केवल कंटेनर चालक तक सीमित रहती है या फिर गुटखे के कथित सप्लायर, निर्माता, वितरक और बाजार में इसे खपाने वालों तक भी पहुंचती है।
तेजतर्रार सवाल यही है—गुटखा प्रतिबंधित है, फिर भी उसका कारोबार बेधड़क कैसे चल रहा है? कानून का डंडा सिर्फ माल ढोने वाले पर चलेगा या इस जहरीले धंधे के असली खिलाड़ियों तक भी पहुंचेगाजनता को चाहिए साफ हवा, सुरक्षित जिंदगी और नशामुक्त समाज; न कि सड़कों पर दौड़ते जहर के कंटेनर!