इंद्र यादव/मुंबई
देश में बेरोजगारी, महंगाई और बढ़ते ट्रैफिक के बीच केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने राज्यों से निजी दोपहिया वाहनों को ऐप आधारित प्लेटफॉर्म के जरिए बाइक टैक्सी के रूप में चलाने की अनुमति देने की अपील की है। 13वें राष्ट्रीय दिव्यांगता सम्मेलन में उन्होंने इस व्यवस्था के फायदे गिनाते हुए रोजगार बढ़ने, यात्रियों को सस्ता सफर मिलने और ट्रैफिक तथा प्रदूषण में कमी आने की उम्मीद जताई।
लेकिन मुंबई जैसे महानगर में इस प्रस्ताव ने एक बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है। सवाल सिर्फ बाइक टैक्सी का नहीं, बल्कि उन हजारों ऑटो और टैक्सी चालकों के भविष्य का भी है, जो परमिट, बैज, फिटनेस, बीमा, टैक्स और तमाम सरकारी नियमों का बोझ उठाकर अपनी रोजी-रोटी चला रहे हैं।गडकरी साहब, रोजगार बढ़ाना अच्छी बात है, लेकिन क्या पुराने रोजगार को खतरे में डालकर नया रोजगार पैदा करना ही विकास है?
केंद्र सरकार ने जुलाई 2025 में मोटर वाहन एग्रीगेटर गाइडलाइंस जारी की थीं। इन दिशानिर्देशों के तहत राज्यों को निजी दोपहिया वाहनों को बाइक टैक्सी के रूप में अनुमति देने का अधिकार दिया गया है। उपलब्ध जानकारी के मुताबिक राजस्थान ने इन्हें पूरी तरह लागू किया है, जबकि हरियाणा और उत्तर प्रदेश ने आंशिक रूप से अपनाया है।सरकार का तर्क है कि बाइक टैक्सी से कम खर्च में सफर होगा और युवाओं को कमाई का अवसर मिलेगा। लेकिन मुंबई की सड़कों पर पहले से ऑटो रिक्शा, काली-पीली टैक्सी, कूल कैब और ऐप आधारित कैब चलाकर परिवार पालने वाले हजारों ड्राइवरों के मन में कई सवाल हैं।
बैज और परमिट लेकर चलने वालों से कुछ सवाल तो बनते हैं!
जो ऑटो चालक परमिट के लिए सरकारी दफ्तरों के चक्कर काटता है, जो टैक्सी चालक बैज बनवाने से लेकर वाहन के दस्तावेजों तक हर नियम का पालन करता है, जो पुलिस और परिवहन विभाग की जांच के डर से हमेशा सतर्क रहता है, क्या निजी बाइक टैक्सी चलाने वालों के लिए भी वही नियम और जवाबदेही होगी?
अगर एक ऑटो चालक को निर्धारित नियमों के तहत वाहन चलाना अनिवार्य है, तो बाइक टैक्सी के लिए सुरक्षा, बीमा, चालक की पात्रता और यात्री की जिम्मेदारी के स्पष्ट मानक क्यों नहीं होने चाहिए?और अगर ऐप कंपनियां यात्रियों को सस्ता सफर देने के नाम पर बाजार में उतरती हैं, तो क्या उन्हें यह भी बताना चाहिए कि ड्राइवर को वास्तव में कितना भुगतान मिलता है और दुर्घटना की स्थिति में यात्री तथा चालक की जिम्मेदारी कौन उठाएगा?
मुंबई की सड़कों पर असली सवाल सिर्फ सस्ते किराये का नहीं, सुरक्षित सफर और सम्मानजनक रोजगार का भी है।आज ऑटो-टैक्सी चालक महंगे ईंधन, वाहन रखरखाव, बीमा, परमिट और ऐप कंपनियों के कमीशन के बीच अपनी कमाई बचाने की जद्दोजहद कर रहा है। ऐसे में निजी बाइक टैक्सी को अनुमति देने से पहले सरकार को मौजूदा परिवहन चालकों की आर्थिक स्थिति का भी आकलन करना चाहिए।
क्या सरकार ने कभी सोचा है कि सस्ता किराया देने की प्रतिस्पर्धा में सबसे पहले किसकी कमाई कटती है? यात्री को कुछ रुपये की राहत मिलती है, ऐप कंपनी को बाजार मिलता है, लेकिन सड़क पर दिनभर पसीना बहाने वाले ड्राइवर के घर का बजट कौन संभालेगा?विकास का मतलब किसी एक को रोजगार देकर दूसरे के घर का चूल्हा ठंडा करना नहीं होना चाहिए।बाइक टैक्सी व्यवस्था लागू करनी है तो पारदर्शी किराया नीति, चालक और यात्री का बीमा, हेलमेट की अनिवार्यता, पुलिस सत्यापन, वाहन सुरक्षा, दुर्घटना मुआवजा और ऐप कंपनियों की जवाबदेही भी सुनिश्चित होनी चाहिए।सरकार को ऑटो-टैक्सी यूनियनों से बातचीत करके उनकी आपत्तियां सुननी चाहिए। क्योंकि सड़क पर नियमों का पालन करने वाले पुराने चालकों को नजरअंदाज करके कोई भी नई परिवहन व्यवस्था लंबे समय तक न्यायपूर्ण नहीं हो सकती।
आखिर सवाल यही है—सफर सस्ता करने की कीमत क्या मेहनतकश ड्राइवरों की रोजी-रोटी से वसूली जाएगी?
गडकरी साहब, बाइक टैक्सी को रोजगार का नया रास्ता बनाइए, लेकिन उन हाथों को मत भूलिए जिन्होंने वर्षों से मुंबई की सड़कों पर यात्रियों को मंजिल तक पहुंचाकर अपने परिवार का पेट पाला है। विकास की गाड़ी तभी आगे बढ़ेगी, जब उसके पहियों के नीचे किसी गरीब की रोजी-रोटी नहीं कुचली जाएगी।