आज़ का मुद्दा आशीष कुमार
स्याना (बुलंदशहर)। नगर के बुगरासी चौराहा स्थित एक कबाड़ गोदाम में रविवार रात आतिशबाजी की चिंगारी गिरने से अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरे गोदाम को अपनी चपेट में ले लिया और धुएं का गुबार उठने लगा। आग लगने से आसपास के लोगों में खलबली मच गई।
सूचना पर कोतवाली प्रभारी रामनारायण सिंह व कस्बा चौकी इंचार्ज भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। दमकल की गाड़ी ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया, तब जाकर लोगों ने राहत की सांस ली।कोतवाल ने बताया कि आग की चपेट में आने से नगर निवासी शमशेर मलिक के कबाड़ गोदाम में रखा प्लास्टिक व गत्ते का सामान जल गया। दमकल कर्मियों की मदद से कुछ ही देर में आग पूरी तरह बुझा दी गई।

वहीं दूसरी ओर नगर के मेन बाजार में एक पीपल के वृक्ष में भी आतिशबाजी की चिंगारी से आग लग गई। वृक्ष में आग लगने से आसपास से गुजर रहे विद्युत तार भी जलकर राख हो गए, जिससे नगर के कुछ हिस्सों की आपूर्ति घंटों ठप रही। विद्युत एसडीओ शशांक सुमन ने बताया कि जले विद्युत तारों को ठीक कराकर आपूर्ति सुचारू रूप से शुरू कर दी गई है।