संवाददाता पुष्पेन्द्र कुमार
बुलंदशहर। छतारी थाना क्षेत्र में चोरी के दौरान बुजुर्ग महिला की हत्या के मामले में पुलिस ने वांछित आरोपी श्यामू को गिरफ्तार किया है। उसके पास से 96 हजार रुपये नकद और सफेद धातु की दो जोड़ी पाजेब बरामद हुई हैं। पुलिस के मुताबिक बाकी सामान की तलाश जारी है।
एसएसपी दिनेश कुमार सिंह के निर्देश पर जिले में अपराधियों की धरपकड़ के लिए अभियान चलाया जा रहा है। एसपी देहात अंतरिक्ष जैन के निर्देशन और सीओ डिबाई मधुप कुमार सिंह की निगरानी में थानाध्यक्ष रविन्द्र सिंह के नेतृत्व में टीम ने यह कार्रवाई की।
पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर बहलोलपुर मोड़ से श्यामू पुत्र प्रमोद, निवासी ग्राम बहलोलपुर, थाना छतारी को पकड़ा। पूछताछ के बाद उसकी निशानदेही पर चोरी का सामान बरामद हुआ।
क्या है पूरा मामला -
पुलिस के अनुसार घटना 4 नवंबर की है। आरोप है कि श्यामू गांव के एक घर में घुसा और कनस्तर में रखे एक लाख रुपये तथा सोने-चांदी के गहने चुरा लिए। भागते समय घर की बुजुर्ग महिला ने उसे देख लिया। पकड़े जाने के डर से उसने महिला की हत्या कर दी और मौके से फरार हो गया।घटना की सूचना मिलने पर छतारी पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की। करीब 25 साल के श्यामू को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस के मुताबिक मिली रकम और पाजेब इसी केस से जुड़ी हैं, बाकी सामान के बारे में पूछताछ जारी है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम - थानाध्यक्ष रविन्द्र सिंह के नेतृत्व में उप निरीक्षक कमल प्रताप राणा, मुख्य आरक्षी सतेन्द्र कुमार और आरक्षी अवधेश कुमार, देवेन्द्र कर्दम व रितिक सिंह शामिल रहे।