आज का मुद्दा! सैय्यद मज़हर
गुलावठी, बुलंदशहर।
सुरेश चंद अग्रवाल मेमोरियल पब्लिक स्कूल, गुलावठी में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व बड़े ही हर्षोल्लास, श्रद्धा एवं धूमधाम के साथ मनाया गया। विद्यालय के नन्हे-मुन्ने बच्चों ने अपनी शानदार सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से सभी का मन जीत लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि विनीता अग्रवाल डायरेक्टर मयंक अग्रवाल, प्रशासक शुभम अग्रवाल स्वाति अग्रवाल, प्रिया अग्रवाल द्वारा लड्डू गोपाल जी को माला पहनाकर तथा उन्हें झूला झुलाकर किया गया। इसके पश्चात भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं एवं उनके जीवन से संबंधित विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए।
कार्यक्रम में विशेष रूप से किंडरगार्टन के नन्हे विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। बच्चों ने राधा-कृष्ण की मनमोहक वेशभूषा में नृत्य, भजन एवं विभिन्न आकर्षक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित सभी अतिथियों, अभिभावकों एवं शिक्षकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। कक्षा तीन से रिया वर्मा राधा बनी तथा कक्षा पांच से आराध्या ने श्री कृष्ण बनकर सभी दर्शकों का मन मोह लिया।
कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण दही-हांडी प्रतियोगिता रही। प्रतियोगिता में ब्लू हाउस और रेड हाउस के विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह एवं जोश के साथ भाग लिया। ब्लू हाउस के विद्यार्थियों ने शानदार तालमेल एवं उत्साह का परिचय देते हुए मात्र 17 सेकंड में मटकी फोड़कर रेड हाउस को पराजित कर प्रतियोगिता अपने नाम कर ली। ब्लू हाउस की इस शानदार उपलब्धि पर विद्यालय परिसर तालियों की गड़गड़ाहट और जय श्रीकृष्ण के जयघोष से गूंज उठा।

इस अवसर पर विद्यालय के निदेशक मयंक अग्रवाल ने अपने संबोधन में विद्यार्थियों को जन्माष्टमी की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भगवान श्रीकृष्ण का जीवन हमें कर्म, सत्य, प्रेम, कर्तव्य एवं धर्म के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को श्रीकृष्ण के जीवन से प्रेरणा लेकर अपने जीवन में अनुशासन, सकारात्मक सोच और अच्छे संस्कारों को अपनाना चाहिए।
कार्यक्रम विद्यालय की सीनियर को ऑर्डिनेटर अंजली त्यागी की देखरेख में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। उन्होंने कार्यक्रम की तैयारियों एवं प्रस्तुतियों को व्यवस्थित रूप देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के प्रधानाचार्य गोपाल शर्मा ने सभी अतिथियों, शिक्षकों, विद्यार्थियों एवं आयोजन से जुड़े सभी सदस्यों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि ऐसे सांस्कृतिक कार्यक्रम विद्यार्थियों में भारतीय संस्कृति, परंपराओं एवं नैतिक मूल्यों के प्रति सम्मान की भावना विकसित करते हैं।
कार्यक्रम का समापन भगवान श्रीकृष्ण की आरती एवं प्रसाद वितरण के साथ हुआ। संपूर्ण विद्यालय परिसर भक्तिमय वातावरण से सराबोर रहा।कार्यक्रम को सफल बनाने में किंडर गार्टन की अध्यापिका सना, रिशु, बरखा, पूनम, प्रियंका और निकिता के साथ साथ विद्यालय के डांस टीचर सिद्धार्थ तथा अन्य अध्यापिका सानिया, जूली, पलक, आकांक्षा, विद्यालय के पी. टी. आई सतेंद्र, हिमांशु, वर्षा और प्रदीप आदि का विशेष योगदान रहा।