भारत की आवाज • सच के साथ
Updated: 22 November 2026 | Hindi News Portal
मुद्दा
आज का मुद्दा
नजर आपकी खबर आपकी
ब्रेकिंग
लखनऊ में पीएम मोदी ने 5वें कौशल दीक्षांत समारोह में युवाओं को किया संबोधित, बोले- हुनरमंद व्यक्ति का रोजगार कोई नहीं छीन सकता विश्व मत्स्यिकी दिवस पर ग्राम छपरौला में जागरूकता एवं पंजीकरण शिविर संपन्न रिसिया में अज्ञात कारणों से भीषण आग से अनस सूट सेंटर जलकर खाक, लाखों रुपये के कपड़े जले आहार के अवंतिका देवी मंदिर गंगा घाट पर चला सफाई अभियान, लक्खी मेले की तैयारियां तेज पुलिस लाइन परेड ग्राउण्ड में आयोजित हुआ ब्लैक आउट मॉक ड्रिल सीएम योगी की माता के अंतिम संस्कार में शामिल हुए सिकंदराबाद विधायक, दी श्रद्धांजलि ‘आनंदमठ’ महानाट्य के भव्य मंचन से गुंजायमान हुई राष्ट्रचेतना, भारतीय संस्कृति एवं गौरवशाली इतिहास की गाथा मिशन शक्ति 6.0: बुलंदशहर पुलिस की काउंसलिंग से 5 टूटते परिवार फिर बसे, दंपतियों ने की साथ रहने की नई शुरुआत योगी जी की माता जी के निधन पर अशासकीय विद्यालय प्रबंधक सभा ने की शोक सभा विशेष दिवस पर बूथों पर पहुंचे बीएलओ, नए मतदाताओं के भरे गए फार्म
आज का मुद्दा पर प्रकाशित खबरों में स्थानीय संदर्भ, सत्यापन और पाठकों के काम की जानकारी को प्राथमिकता दी जाती है।
Uttar Pradesh

लखनऊ में पीएम मोदी ने 5वें कौशल दीक्षांत समारोह में युवाओं को किया संबोधित, बोले- हुनरमंद व्यक्ति का रोजगार कोई नहीं छीन सकता

लखनऊ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में आयोजित 5वें कौशल दीक्षांत समारोह में प्रतिभाग किया और देशभर से आए युवाओं को संबोधित किया।

आज का मुद्दा डिजिटल डेस्क | Updated: 22 Nov 2026, 08:19 PM | Views: 0 | 5 मिनट पढ़ें
लखनऊ में पीएम मोदी ने 5वें कौशल दीक्षांत समारोह में युवाओं को किया संबोधित, बोले- हुनरमंद व्यक्ति का रोजगार कोई नहीं छीन सकता

लखनऊ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में आयोजित 5वें कौशल दीक्षांत समारोह में प्रतिभाग किया और देशभर से आए युवाओं को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि 21वीं सदी का भारत कौशल को सम्मान देकर ही आगे बढ़ सकता है। युवाओं के हुनर, मेहनत और तकनीकी दक्षता के दम पर ही विकसित भारत का सपना साकार होगा। प्रधानमंत्री ने कहा कि आज भारत दुनिया की स्किल कैपिटल बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।

प्रधानमंत्री मोदी ने आईटीआई से प्रशिक्षण प्राप्त कर चुके युवाओं को बधाई देते हुए कहा कि यह उनके जीवन का महत्वपूर्ण पड़ाव है। अब वे सीधे राष्ट्र निर्माण की प्रक्रिया से जुड़ने जा रहे हैं। आईटीआई में सीखे गए कौशल और हुनर विकसित भारत की मजबूत नींव हैं। उन्होंने कहा कि जब कोई युवा कोई हुनर सीखता है तो वह केवल मशीनों पर काम करना नहीं सीखता, बल्कि लोगों का जीवन आसान बनाने के साथ देश की क्षमताओं को भी मजबूत करता है।

भारतीय हुनर और पारंपरिक शिल्प की दुनिया में रही पहचान

प्रधानमंत्री ने भारत की पारंपरिक कला और शिल्प का उल्लेख करते हुए कहा कि लखनऊ की चिकनकारी, बनारसी और कांचीपुरम की रेशमी साड़ियां, कश्मीर की पश्मीना, मलमल, सूती वस्त्र, कलमकारी और धातु से बनी कलाकृतियां भारत की समृद्ध कौशल परंपरा की पहचान रही हैं। उन्होंने कहा कि सदियों तक भारतीय कारीगरों और शिल्पकारों के हुनर ने दुनिया में देश की अलग पहचान बनाई।

उन्होंने गुजरात की वसवाया परंपरा का उदाहरण देते हुए बताया कि गांवों में जीवन को सुचारु रूप से चलाने के लिए अलग-अलग हुनर वाले कारीगरों की महत्वपूर्ण भूमिका होती थी। हालांकि, अंग्रेजों के शासनकाल में ऐसी कौशल आधारित व्यवस्था को कमजोर किया गया और शिक्षा व्यवस्था को इस तरह विकसित किया गया कि हुनरमंद लोगों के बजाय केवल दफ्तरी काम करने वालों को अधिक महत्व मिलने लगा। आजादी के बाद भी इस मानसिकता का असर बना रहा, जिससे पारंपरिक कारीगरों और हुनरमंद लोगों को अपेक्षित सम्मान नहीं मिल पाया।

आईटीआई में 30 से अधिक नए ट्रेड शुरू

प्रधानमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार ने 'श्रममेव जयते' की भावना के साथ पिछले वर्षों में कौशल विकास को बढ़ावा देने के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति में भी कौशल विकास को विशेष महत्व दिया गया है। अब आईटीआई से कौशल प्रमाणपत्र प्राप्त करने वाले युवाओं के लिए भी दीक्षांत समारोह आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि उनके हुनर को समाज में सम्मान मिल सके।

उन्होंने बताया कि वर्ष 2014 के बाद देश में आईटीआई के विस्तार और आधुनिकीकरण पर विशेष ध्यान दिया गया है। पिछले एक दशक में करीब 5,000 नए आईटीआई स्थापित किए गए हैं। आईटीआई में पढ़ने वाले विद्यार्थियों की संख्या में भी पांच लाख से अधिक की वृद्धि हुई है, जबकि छात्राओं की संख्या ढाई गुना से अधिक हो गई है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि आईटीआई में अब एयरोनॉटिकल स्ट्रक्चर, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस असिस्टेंट, साइबर सिक्योरिटी असिस्टेंट, ड्रोन टेक्नीशियन, ग्रीन हाइड्रोजन टेक्नीशियन, इंडस्ट्रियल रोबोटिक्स, इलेक्ट्रिक व्हीकल, एनिमेशन एवं स्पेशल इफेक्ट्स और सेमीकंडक्टर टेक्नीशियन जैसे 30 से अधिक आधुनिक ट्रेड शुरू किए गए हैं। इनका उद्देश्य भारतीय युवाओं को देश और दुनिया की जरूरतों के अनुरूप प्रशिक्षित करना है।

पीएम-सेतु योजना के तहत 60 हजार करोड़ रुपये का निवेश

प्रधानमंत्री ने आईटीआई के पाठ्यक्रम, मशीनरी, प्रशिक्षण व्यवस्था और शिक्षकों की दक्षता को आधुनिक बनाने पर जोर दिया। उन्होंने बताया कि पीएम-सेतु योजना के तहत 60 हजार करोड़ रुपये का निवेश किया जा रहा है, जिससे आईटीआई संस्थानों को उद्योगों की जरूरतों के अनुरूप विकसित किया जाएगा। इससे युवाओं को बेहतर प्रशिक्षण और रोजगार के नए अवसर मिलेंगे।

आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के कारण नौकरियां समाप्त होने की आशंकाओं पर प्रधानमंत्री ने कहा कि कौशल रखने वाले व्यक्ति के रोजगार को कोई नहीं छीन सकता। उन्होंने कोरोना महामारी का उदाहरण देते हुए कहा कि उस कठिन समय में भी प्रशिक्षित और हुनरमंद लोगों ने महत्वपूर्ण सेवाओं को जारी रखने में अहम भूमिका निभाई थी।

सोलर ऊर्जा से लेकर स्पोर्ट्स इकोनॉमी तक बढ़ रही हुनरमंद युवाओं की मांग

प्रधानमंत्री ने कहा कि देश में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार और विकास कार्यों के चलते कुशल कामगारों की मांग लगातार बढ़ रही है। गरीबों के लिए चार करोड़ आवासों का निर्माण, घर-घर पानी की पाइपलाइन और बिजली कनेक्शन पहुंचाने जैसे अभियानों से इलेक्ट्रीशियन, प्लंबर, कारपेंटर और अन्य तकनीकी कामगारों के लिए लाखों रोजगार के अवसर पैदा हुए हैं।

उन्होंने सोलर ऊर्जा, गैस कनेक्शन, खेल उपकरण निर्माण और फिटनेस उद्योग जैसे उभरते क्षेत्रों का जिक्र करते हुए कहा कि आने वाले समय में इन क्षेत्रों में प्रशिक्षित युवाओं की बड़ी आवश्यकता होगी। प्रधानमंत्री ने युवाओं से बदलती तकनीक और बाजार की मांग के अनुसार अपने कौशल को लगातार बेहतर बनाने की अपील की।

2027 में ग्रेटर नोएडा में होगा वर्ल्डस्किल्स एशिया प्रतियोगिता का आयोजन

समारोह के दौरान प्रधानमंत्री ने युवाओं और उत्तर प्रदेश के लिए बड़ी घोषणा करते हुए बताया कि वर्ष 2027 में भारत वर्ल्डस्किल्स एशिया प्रतियोगिता की मेजबानी करेगा। इसका आयोजन ग्रेटर नोएडा में किया जाएगा, जिसमें विभिन्न देशों के युवा प्रतिभाग करेंगे। उन्होंने इसे भारत के लिए गौरव का अवसर बताते हुए उत्तर प्रदेश को अग्रिम शुभकामनाएं दीं।

प्रधानमंत्री ने उत्तर प्रदेश में हो रहे विकास कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश एक्सप्रेसवे, अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डों, विश्वविद्यालयों, पर्यटन, मोबाइल निर्माण और औद्योगिक विकास के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है। प्रदेश में चिप निर्माण की दिशा में भी काम हो रहा है और ब्रह्मोस मिसाइल का निर्माण उत्तर प्रदेश की औद्योगिक क्षमता को नई पहचान दे रहा है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में बेहतर कानून-व्यवस्था और सुरक्षित माहौल के कारण निवेश तथा रोजगार के नए अवसर पैदा हो रहे हैं। इसका सीधा लाभ युवाओं को मिल रहा है।

युवाओं से बोले पीएम- बड़े सपने देखिए और उन्हें पूरा करने में पूरी ताकत लगाइए

प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संबोधन के अंत में युवाओं का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि आज देश के युवाओं के सामने अवसरों का पूरा आसमान खुला है। उन्हें बड़े सपने देखने चाहिए, अपने कौशल को निखारना चाहिए और उन सपनों को पूरा करने के लिए पूरी ऊर्जा के साथ मेहनत करनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि भारत का भविष्य उसके हुनरमंद युवाओं के हाथों में है। कौशल, आत्मविश्वास और मेहनत के बल पर युवा न केवल अपना भविष्य बेहतर बना सकते हैं, बल्कि विकसित भारत के निर्माण में भी महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं।

आज का मुद्दा Hindi News Breaking News Uttar Pradesh

Author: आज का मुद्दा डिजिटल डेस्क

आज का मुद्दा जनता से जुड़े मुद्दों, स्थानीय खबरों और देश-दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को प्रमुखता से प्रकाशित करता है।

संबंधित खबरें