आज़ का मुद्दा आशीष कुमार
बुलंदशहर। कार्तिक पूर्णिमा पर्व पर 24 नवंबर को अनूपशहर, नरौरा और रामघाट के गंगा घाटों पर भारी संख्या में श्रद्धालु गंगा स्नान के लिए पहुंचेंगे। श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुगम यातायात व्यवस्था को लेकर पुलिस ने डायवर्जन प्लान जारी किया है।
यातायात पुलिस के अनुसार 23 नवंबर सुबह 8 बजे से 25 नवंबर रात 8 बजे तक भारी वाहनों का संचालन निर्धारित मार्गों पर ही होगा। अनूपशहर की ओर भारी वाहनों का प्रवेश पूर्णतः वर्जित रहेगा।
डायवर्जन प्लान -
दिल्ली-नोएडा-गाजियाबाद से अमरोहा-संभल-मुरादाबाद-रामपुर-बरेली : वाहन डासना, छिजारसी, खुडलिया कट (हापुड़) से गंगा एक्सप्रेस-वे पर मेरठ की ओर जाने वाली रैंप से चढ़कर 32.50 किमी माइल स्टोन से टर्न लेकर मंगरोली कट अमरोहा, खिरनी कट संभल होते हुए जाएंगे।
बरेली-रामपुर-मुरादाबाद-संभल-अमरोहा से दिल्ली : वाहन खिरनी कट संभल, मंगरोली कट अमरोहा, खुडलिया कट गंगा एक्सप्रेस-वे पर उतरकर एनएच-9 होते हुए छिजारसी, डासना, गाजियाबाद, नोएडा, दिल्ली जाएंगे।
मेरठ-हापुड़ से अमरोहा-संभल-मुरादाबाद-बरेली : वाहन किठौर, टियाला मोड़, ततारपुर, एनएच-9, खुडलिया कट से गंगा एक्सप्रेस-वे पर चढ़कर मंगरोली कट, खिरनी कट होते हुए जाएंगे।
बरेली-रामपुर-मुरादाबाद से मेरठ-हापुड़ : वाहन खिरनी कट, मंगरोली कट, खुडलिया कट गंगा एक्सप्रेस-वे पर उतरकर एनएच-9 होते हुए ततारपुर मोड़, टियाला मोड़, किठौर होते हुए मेरठ जाएंगे।
बुलंदशहर से अमरोहा-संभल-मुरादाबाद-बरेली : वाहन शिकारपुर, डिबाई, नरौरा होते हुए जाएंगे। वापसी में भी यही मार्ग रहेगा।
बरेली-रामपुर-मुरादाबाद से अलीगढ़ : वाहन नरौरा, डिबाई, छतारी होते हुए अलीगढ़ जाएंगे। वापसी में भी यही मार्ग रहेगा।
अलीगढ़ से गाजियाबाद-दिल्ली : वाहन अरनियां, खुर्जा बाईपास, बुलंदशहर बाईपास, सिकंदराबाद (चौकी जोखाबाद), दादरी, लाल कुआं, गाजियाबाद होते हुए दिल्ली जाएंगे। वापसी में भी यही मार्ग रहेगा।
नोट - अनूपशहर अड्डे से अनूपशहर की ओर समस्त भारी / हल्के कमर्शियल वाहनों का आना-जाना पूर्णतया प्रतिबंधित रहेगा।