ब्यूरो चीफ दिलशाद अहमद
आज का मुद्दा
बहराइच। अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना मटेरा पुलिस एवं क्राइम ब्रांच की स्वॉट टीम को बड़ी सफलता मिली है। संयुक्त पुलिस टीम ने 24 घंटे के भीतर चैन स्नैचिंग की घटना का सफल अनावरण करते हुए पुलिस मुठभेड़ के दौरान एक शातिर अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अभियुक्त के कब्जे से घटना से संबंधित मंगलसूत्र, चोरी की मोटरसाइकिल, अवैध तमंचा-कारतूस तथा 4,850 रुपये नकद बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, 1 सितंबर 2026 को थाना मटेरा क्षेत्र में गंगोत्री पत्नी सुरेन्द्र, निवासी सुआगाड़ा, थाना कोतवाली जनपद लखीमपुर, अपने रिश्तेदार के यहां से वापस घर जा रही थीं। इसी दौरान गुलालपुरवा टोल प्लाजा से पहले दो बाइक सवार बदमाशों ने झपट्टा मारकर उनका मंगलसूत्र छीन लिया और फरार हो गए। तहरीर के आधार पर थाना मटेरा में मु0अ0सं0 138/2026 धारा 304(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक बहराइच श्री विश्वजीत श्रीवास्तव ने तीन पुलिस टीमों का गठन कर जल्द घटना के खुलासे और अभियुक्तों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए। पुलिस टीमों ने घटनास्थल एवं आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिससे बदमाशों के संबंध में महत्वपूर्ण सुराग मिले।

बिलवा नहर मोड़ पर हुई पुलिस मुठभेड़
पुलिस के मुताबिक, 2/3 सितंबर की रात क्राइम ब्रांच की स्वॉट टीम और थाना मटेरा पुलिस को सूचना मिली कि दो बदमाश चोरी की मोटरसाइकिल से मटेरा से शंकरपुर-नानपारा रोड की ओर बिलवा नहर मोड़ पर जा रहे हैं। पुलिस टीम ने उन्हें रोकने का प्रयास किया तो बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी।
पुलिस के अनुसार, आत्मरक्षार्थ की गई जवाबी कार्रवाई में एक अभियुक्त के दाहिने पैर में गोली लगी और उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान फुल्ली उर्फ तूफान उर्फ रकीब पुत्र मुग्गर, निवासी आगापुरवा, थाना कोतवाली देहात, जनपद बहराइच, उम्र करीब 22 वर्ष के रूप में हुई। घायल अभियुक्त को उपचार के लिए सीएचसी रिसिया भेजा गया।
पुलिस के मुताबिक उसका साथी असलम मोटरसाइकिल संख्या UP40BF6651 से नानपारा की ओर फरार हो गया, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं

- घटना से संबंधित पीली धातु का मंगलसूत्र
- एक देशी तमंचा .315 बोर
- एक खोखा कारतूस .315 बोर
- एक जिंदा कारतूस .315 बोर
- चोरी की होंडा शाइन मोटरसाइकिल संख्या UP32GW4289
- ₹4,850 नकद
गिरफ्तार अभियुक्त के विरुद्ध थाना मटेरा में मु0अ0सं0 139/2026 धारा 109(2)/3(5) बीएनएस एवं 3/25 आर्म्स एक्ट के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया है। वहीं चैन स्नैचिंग की घटना से संबंधित मु0अ0सं0 138/2026 धारा 304(2) बीएनएस का अनावरण किया गया है।
आधा दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। उसके विरुद्ध बहराइच के विभिन्न थानों में कुल 9 अभियोग दर्ज बताए गए हैं, जिनमें चोरी, लूट/छिनैती सहित अन्य धाराओं में मुकदमे शामिल हैं।घटना की सूचना पर पुलिस अधीक्षक बहराइच विश्वजीत श्रीवास्तव एवं अन्य अधिकारीगण ने घटनास्थल का निरीक्षण कर पुलिस टीमों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक बहराइच श्री विश्वजीत श्रीवास्तव के निर्देशन में, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण दुर्गा प्रसाद तिवारी एवं क्षेत्राधिकारी नानपारा चित्रांशु गौतम के निर्देशन में थाना मटेरा पुलिस और क्राइम ब्रांच की स्वॉट टीम द्वारा की गई।पुलिस टीम में थाना मटेरा के प्रभारी निरीक्षक प्रेमपाल सिंह, उपनिरीक्षक सूर्यकान्त चौबे, विजय चौधरी, फूलचन्द मौर्या, शुभनाथ यादव सहित पुलिसकर्मी तथा स्वॉट टीम के प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार, उपनिरीक्षक राशिद अली एवं अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।