सोनू (पवनेश कौशिक)-आज का मुद्दा
बुलंदशहर शिकारपुर।पूर्व राज्यमंत्री एवं शिकारपुर विधायक अनिल शर्मा के निधन के तीसरे दिन शुक्रवार को उनके अंतिम दर्शन एवं शोक संवेदना व्यक्त करने के लिए जनप्रतिनिधियों और क्षेत्रीय लोगों का तांता लगा रहा। बड़ी संख्या में पहुंचे लोगों ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं।
केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी तथा उत्तर प्रदेश के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्री भूपेंद्र सिंह चौधरी ने रानऊ स्थित अवंतिका बैंक्वेट एंड रिजॉर्ट पहुंचकर अनिल शर्मा के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। दोनों नेताओं ने उनके पुत्र कुश शर्मा को ढांढ़स बंधाते हुए दुख की इस घड़ी में परिवार के साथ खड़े रहने की बात कही।
इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष विकास चौहान, सांसद डॉ. भोला सिंह, एमएलसी ऋषिपाल चौधरी, अलीगढ़ सांसद सतीश गौतम समेत अनेक जनप्रतिनिधि, पार्टी पदाधिकारी और गणमान्य लोग मौजूद रहे। सभी ने अनिल शर्मा के निधन को क्षेत्र और पार्टी के लिए अपूरणीय क्षति बताया।

अनिल शर्मा के चित्र पर पुष्प अर्पित करते भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी व मंत्री भूपेंद्र सिंह चौधरी।