नोएडा (गिरीश नारायण)। शहर में इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा देने और प्रदूषण पर नियंत्रण के लिए नोएडा प्राधिकरण ने एक और कदम उठाया है। उत्तर प्रदेश इलेक्ट्रिक वाहन नीति-2022 के तहत शहर के विभिन्न स्थानों पर 48 नए इलेक्ट्रिक वाहन (ईवी) चार्जिंग स्टेशन स्थापित किए जाएंगे। इस संबंध में सोमवार को नोएडा प्राधिकरण और इति लिमिटेड के बीच समझौता ज्ञापन (एमओयू) गठित किया गया। इससे पहले 24 सितंबर को यूपी रिन्यूएबल एंड ईवी चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड (यूपीआरईवी) के साथ 30 चार्जिंग स्टेशन स्थापित करने के लिए एमओयू किया गया था। दोनों समझौतों के बाद नोएडा में कुल 78 ईवी चार्जिंग स्टेशन स्थापित करने की योजना है।
नोएडा प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी ने शहर में ग्रीन मोबिलिटी को बढ़ावा देने और प्रदूषण नियंत्रण के उद्देश्य से कुल 100 ईवी चार्जिंग स्टेशन स्थापित करने का लक्ष्य निर्धारित किया है। इसके तहत फिलहाल 78 चार्जिंग स्टेशनों की स्थापना की दिशा में कदम उठाया गया है। शेष स्टेशनों को लेकर भी भविष्य में आवश्यकतानुसार योजना बनाई जाएगी।
10 साल के लिए हुआ समझौता
प्राधिकरण और इति लिमिटेड के बीच हुआ एमओयू 10 साल के लिए प्रभावी रहेगा, जिसे भविष्य में बढ़ाया जा सकता है। चार्जिंग स्टेशन स्थापित करने का पूरा खर्च इति लिमिटेड वहन करेगी। नोएडा प्राधिकरण इसके लिए स्थान उपलब्ध कराएगा और कोई वित्तीय सहायता नहीं देगा। प्रत्येक स्थान पर कम से कम दो चार्जर लगाए जाएंगे। इनकी व्यवस्था से एक साथ दो कारों और एक दोपहिया वाहन को चार्ज किया जा सकेगा।
प्राधिकरण को भी मिलेगा राजस्व
ईवी चार्जिंग के लिए इस्तेमाल होने वाली बिजली के आधार पर राजस्व साझेदारी की व्यवस्था की गई है। इसके तहत नोएडा प्राधिकरण को प्रति यूनिट एक रुपये की दर से राजस्व प्राप्त होगा। चार्जिंग स्टेशनों के स्थापित होने से इलेक्ट्रिक वाहन चालकों को चार्जिंग की सुविधा मिलेगी और शहर में स्वच्छ परिवहन को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
इन प्रमुख स्थानों पर लगेंगे चार्जिंग स्टेशन
प्रस्तावित 48 स्थानों में एमिटी विश्वविद्यालय के पास, नोएडा स्टेडियम की पार्किंग, सेक्टर-2 फायर स्टेशन, सेक्टर-16ए फिल्म सिटी, सेक्टर-16 और सेक्टर-18 मेट्रो स्टेशन, एनएमसी अस्पताल के पास सेक्टर-30, शॉप्रिक्स मॉल सेक्टर-61, लॉजिक्स मॉल सेक्टर-32, सेक्टर-50 सेंट्रल मार्केट, नियो अस्पताल, ईएसआई अस्पताल के सामने सेक्टर-24, आरटीओ कार्यालय के पास सेक्टर-33, एचसीएल टेक के सामने सेक्टर-54 और भज्जी मार्केट सेक्टर-58 शामिल हैं।
इसके अलावा सेक्टर-142 और सेक्टर-147 मेट्रो स्टेशन, भूटानी सिटी सेंटर सेक्टर-150, शहीद भगत सिंह पार्क की पार्किंग, डीएलएफ टेक पार्क सेक्टर-143ए, आईजीएल गैस स्टेशन सेक्टर-142, सेक्टर-168 प्राधिकरण का भूखंड, सेक्टर-129 स्थित आई स्टेट मॉल, सेक्टर-132 स्थित इंफोसिस कैंपस, सेक्टर-100 के ब्लॉक-ए पार्क की पार्किंग, सेक्टर-110, सेक्टर-82, सेक्टर-105, सेक्टर-133, सेक्टर-119 और सेक्टर-78 के आसपास भी चार्जिंग स्टेशन स्थापित किए जाएंगे। सेक्टर-92 स्थित बायोडायवर्सिटी पार्क, सेक्टर-63, सेक्टर-143बी, सेक्टर-137 और सेक्टर-83 सहित अन्य सार्वजनिक पार्किंग स्थलों को भी इस योजना में शामिल किया गया है।
नोएडा प्राधिकरण की इस पहल से शहर के प्रमुख बाजारों, मेट्रो स्टेशनों, पार्कों, औद्योगिक क्षेत्रों और सार्वजनिक पार्किंग स्थलों पर ईवी चार्जिंग की सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में काम होगा। इससे इलेक्ट्रिक वाहन अपनाने वाले नागरिकों को सहूलियत मिलने के साथ शहर में ग्रीन मोबिलिटी के विस्तार को भी गति मिलने की उम्मीद है।