आज़ का मुद्दा आशीष कुमार
बुलंदशहर। स्याना नगर में सोमवार को खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिलावट के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। नायब तहसीलदार अखिलेश यादव और खाद्य सुरक्षा अधिकारी सुनील कुमार के नेतृत्व में टीम ने नगर की चार मिठाई की दुकानों पर छापा मारकर नमूने लिए।जानकारी के अनुसार टीम सबसे पहले बुलंदशहर बस स्टैंड के पास राओ डेयरी पर पहुंची, जहां से बेसन के लड्डू का नमूना लिया गया।

इसके बाद बुगरासी चौराहे स्थित अग्रवाल स्वीट्स से बर्फी, सिंघला स्वीट्स से मिल्क केक और मेन बाजार स्थित विशाल डेयरी से पनीर का नमूना भरा गया।एसडीएम लालजी विश्वकर्मा ने बताया कि त्योहारी सीजन में लोगों के स्वास्थ्य से खिलवाड़ नहीं होने दिया जाएगा। सभी नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है, रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने मिठाई विक्रेताओं को शुद्ध सामग्री उपयोग करने और साफ-सफाई रखने के निर्देश दिए।
अचानक हुई कार्रवाई से नगर के मिठाई विक्रेताओं में हड़कंप मच गया और कई दुकानदार दुकानें बंद कर चले गए।