आज चोटपुर कॉलोनी स्थित प्राचीन शिव मंदिर परिसर में रविवार को भव्य हिंदू चौपाल एवं भिक्षा यात्रा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में स्वामी दीपांकर जी महाराज उपस्थित रहे। मुख्य अतिथि के रूप में साध्वी प्रज्ञा भारती जी एवं सांसद प्रतिनिधि श्री संजय बाली जी ने सहभागिता की। इस अवसर पर सैकड़ों की संख्या में क्षेत्रवासियों एवं सनातन धर्म के अनुयायियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए स्वामी दीपांकर जी महाराज ने हिंदू समाज से जातिगत भेदभाव मिटाकर एकजुट होने तथा सामाजिक समरसता और भाईचारे को मजबूत करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि ’’जात-पाँत की करो विदाई, हम सब हिंदू भाई-भाई’’ केवल एक नारा नहीं, बल्कि सामाजिक एकता का संकल्प है। उन्होंने समाज से आग्रह किया कि बच्चों को सनातन संस्कृति, धार्मिक परंपराओं एवं भारतीय संस्कारों से जोड़कर अपनी सांस्कृतिक विरासत को अगली पीढ़ी तक पहुंचाएं।
.jpeg)
मुख्य अतिथि साध्वी प्रज्ञा भारती जी ने कहा कि सनातन धर्म केवल पूजा-पद्धति तक सीमित नहीं है, बल्कि यह जीवन जीने की एक महान परंपरा है। इसके मूल्यों, संस्कारों एवं सांस्कृतिक विरासत का संरक्षण करना हम सभी का दायित्व है।
सांसद प्रतिनिधि श्री संजय बाली जी ने हिंदू चौपाल के इस संदेश का समर्थन करते हुए कहा कि समाज की वास्तविक शक्ति आपसी एकता, भाईचारे और सामाजिक समरसता में निहित है। हमें जातिगत भेदभाव एवं ऊंच-नीच की भावना से ऊपर उठकर अपनी सांस्कृतिक पहचान और सनातन परंपराओं को सशक्त बनाना चाहिए।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने सनातन संस्कृति के संरक्षण, धार्मिक जागरूकता, सामाजिक एकता तथा भावी पीढ़ी को भारतीय संस्कृति एवं संस्कारों से जोड़ने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम के आयोजक रोहित हिंदू, मनोज हिंदू, बब्बन हिंदू एवं रोहन हिंदू रहे। आयोजन में राहुल हिंदू, आर.के. हिंदू, रितेश हिंदू, शिवम हिंदू, एस.एन. झा, गुड्डू हिंदू, मनोहर हिंदू एवं समस्त कॉलोनीवासियों का विशेष सहयोग रहा।
कार्यक्रम का प्रमुख संदेश रहा कि सामाजिक एकता, आपसी भाईचारा और समरसता ही सशक्त समाज की आधारशिला हैं। जातिगत भेदभाव से ऊपर उठकर अपनी संस्कृति, परंपराओं एवं संस्कारों के संरक्षण के लिए सामूहिक प्रयास करना समय की आवश्यकता है।