दादरी।राष्ट्रीय हरित अधिकरण (एनजीटी) के नियमों का पालन सुनिश्चित कराने और बढ़ते प्रदूषण पर अंकुश लगाने के लिए नगर पालिका परिषद दादरी ने सख्ती शुरू कर दी है। अधिशासी अधिकारी शालिनी गुप्ता के निर्देश पर नगर पालिका की टीम ने जीटी रोड और रेलवे रोड का निरीक्षण कर खुले में रखी निर्माण सामग्री और निर्माण एवं विध्वंस (सीएंडडी) वेस्ट के खिलाफ कार्रवाई की।
निरीक्षण के दौरान टीम को कई दुकानदारों द्वारा दुकानों के बाहर खुले में ईंट, रेत, बदरपुर सहित अन्य निर्माण सामग्री रखी हुई मिली। टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए निर्माण सामग्री और मलबे को कंस्ट्रक्शन सेफ्टी नेट से ढकवाया। साथ ही संबंधित दुकानदारों को एनजीटी के नियमों की जानकारी देते हुए भविष्य में लापरवाही न बरतने की सख्त हिदायत दी गई।

नगर पालिका परिषद की अधिशासी अधिकारी शालिनी गुप्ता ने नगरवासियों, दुकानदारों और व्यापारियों से अपील की है कि ऐसा कोई भी सामान खुले में न रखें, जिससे वातावरण में धूल और प्रदूषण फैलता हो। निर्माण कार्य के दौरान निकलने वाले मलबे को भी निर्धारित नियमों के अनुसार ढककर रखा जाए, ताकि वायु प्रदूषण को नियंत्रित किया जा सके।
उन्होंने कहा कि यदि किसी स्थान पर निर्माण एवं विध्वंस का मलबा या अन्य निर्माण सामग्री खुले में रखी दिखाई देती है तो इसकी सूचना नगर पालिका परिषद दादरी के हेल्पलाइन नंबर **1533** पर दें। एनजीटी के नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।