नोएडा,। जनगणना-2027 को लेकर नागरिकों को जागरूक करने के उद्देश्य से नोएडा प्राधिकरण के जन स्वास्थ्य विभाग की टीम ने मंगलवार को विशेष जनजागरूकता अभियान चलाया। अभियान के तहत सेक्टर-39 स्थित कोविड हॉस्पिटल और सेक्टर-50 स्थित नियो हॉस्पिटल में पहुंचकर लोगों को जनगणना के महत्व, उद्देश्य और पूरी प्रक्रिया की जानकारी दी गई।
इस दौरान अस्पताल में मौजूद नागरिकों और अन्य लोगों को बताया गया कि जनगणना देश की जनसंख्या से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी जुटाने की प्रक्रिया है। इसके माध्यम से प्राप्त आंकड़े भविष्य की विकास योजनाओं, जनकल्याणकारी योजनाओं और विभिन्न सार्वजनिक सुविधाओं की योजना बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
30 नवंबर तक घर बैठे कर सकेंगे स्व-गणना
अभियान के दौरान नागरिकों को जनगणना-2027 के तहत शुरू की गई स्व-गणना (Self Enumeration) की ऑनलाइन सुविधा के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी गई। लोगों को बताया गया कि वे 30 नवंबर 2026 तक घर बैठे ऑनलाइन माध्यम से अपनी और अपने परिवार की जानकारी दर्ज कर सकते हैं। इसके लिए नागरिकों से निर्धारित समय सीमा के भीतर स्व-गणना प्रक्रिया पूरी करने की अपील की गई।
1 दिसंबर से घर-घर पहुंचेगी जनगणना टीम

नागरिकों को बताया गया कि स्व-गणना की अवधि समाप्त होने के बाद 1 दिसंबर 2026 से 4 जनवरी 2027 तक घर-घर जाकर जनसंख्या गणना का कार्य किया जाएगा। इस दौरान गणनाकर्मी नागरिकों के घर पहुंचकर निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार आवश्यक जानकारियां एकत्र करेंगे।
जनगणना में सहयोग करने की अपील
नोएडा प्राधिकरण के जन स्वास्थ्य विभाग की टीम ने अभियान के माध्यम से नागरिकों से जनगणना प्रक्रिया में सक्रिय सहभागिता निभाने की अपील की। साथ ही लोगों को स्व-गणना की ऑनलाइन सुविधा का लाभ उठाने और घर-घर पहुंचने वाले गणनाकर्मियों को आवश्यक सहयोग प्रदान करने के लिए जागरूक किया गया।
प्राधिकरण का यह अभियान जनगणना-2027 को लेकर आम नागरिकों तक जानकारी पहुंचाने और अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।