गाजियाबाद/मोदीनगर। लोकतंत्र को मजबूत बनाने और अधिक से अधिक लोगों की मतदाता सूची में भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) मोदीनगर में मतदाता हेल्प डेस्क स्थापित की गई है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी गाजियाबाद डॉ. सचिन वैश्य के निर्देश पर चिकित्सा अधीक्षक एवं प्रांतीय चिकित्सा सेवा संघ शाखा गाजियाबाद के उपाध्यक्ष डॉ. दिनेश कुमार की ओर से यह पहल की गई है।
इस हेल्प डेस्क के माध्यम से अस्पताल में तैनात समस्त स्टाफ, उपचार के लिए आने वाले मरीजों, उनके तीमारदारों तथा आम नागरिकों को मतदाता सूची से संबंधित सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। यहां पहुंचकर लोग अपने परिवार के सदस्यों के नाम मतदाता सूची में जांच सकते हैं। यदि किसी पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में दर्ज नहीं है तो वह हेल्प डेस्क के माध्यम से ऑनलाइन अथवा ऑफलाइन फॉर्म-6 भरकर अपना नाम मतदाता सूची में जुड़वाने के लिए आवेदन कर सकता है।
चिकित्सा अधीक्षक डॉ. दिनेश कुमार ने बताया कि मतदाता हेल्प डेस्क की सुविधा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मोदीनगर में पूरी तरह निशुल्क उपलब्ध कराई गई है। इसके लिए प्रतिदिन सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक का समय निर्धारित किया गया है। इस पहल का उद्देश्य पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने के प्रति जागरूक करना और उन्हें आवेदन प्रक्रिया में सहयोग देना है।
उन्होंने अस्पताल के समस्त कर्मचारियों, मरीजों, तीमारदारों और क्षेत्र की आम जनता से अपील की कि वे इस निशुल्क सुविधा का अधिक से अधिक लाभ उठाएं। अपने परिवार के सभी पात्र सदस्यों के नाम मतदाता सूची में अवश्य जांचें और जिनका नाम दर्ज नहीं है, उनका फॉर्म-6 भरवाकर नाम जुड़वाने की प्रक्रिया पूरी करें।
डॉ. दिनेश कुमार ने कहा कि प्रत्येक पात्र नागरिक का मतदाता सूची में नाम होना लोकतांत्रिक प्रक्रिया में उसकी भागीदारी सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।