दादरी। नगर पालिका परिषद दादरी की ओर से क्षेत्र में वायु प्रदूषण नियंत्रण और स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए सघन अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत जीटी रोड, बाईपास सहित प्रमुख मार्गों पर नियमित रूप से पानी का छिड़काव कराया जा रहा है, वहीं सड़कों के किनारे जमा धूल और सिल्ट हटाने का कार्य भी लगातार जारी है।
इसी क्रम में नगर पालिका परिषद दादरी के सभागार में प्रदूषण रोकथाम को लेकर जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया। इसके साथ ही नगर पालिका की टीमें विभिन्न वार्डों में पहुंचकर निर्माणाधीन स्थलों का निरीक्षण कर रही हैं। निर्माण स्थलों पर ग्रीन नेट लगाने तथा निर्माण सामग्री और मलबे के परिवहन के दौरान वाहनों को तिरपाल से ढककर ले जाने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जा रहे हैं। नियमों का उल्लंघन करने वालों को चेतावनी देते हुए नियमों के अनुपालन के लिए कड़े निर्देश जारी किए गए हैं।

खुले में कूड़ा जलाने पर रोक के लिए निगरानी
नगर पालिका परिषद द्वारा खुले में कचरा जलाने पर पूरी तरह रोक लगाने के लिए भी लगातार जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। दिन-रात निगरानी के लिए टीमें तैनात की गई हैं। डोर-टू-डोर वाहनों और होर्डिंग्स के माध्यम से नागरिकों को कचरा पृथक्करण के प्रति जागरूक किया जा रहा है। नगर पालिका प्रशासन ने नागरिकों, व्यापार मंडलों और निर्माण कार्य से जुड़ी संस्थाओं से शहर को स्वच्छ एवं प्रदूषण मुक्त बनाने में सक्रिय सहयोग की अपील की है।
सफाई मित्रों का स्वास्थ्य परीक्षण, निःशुल्क दवाएं वितरित
नगर पालिका परिषद दादरी की ओर से ‘सफाई मित्र सुरक्षा शिविर’ का भी सफल आयोजन किया गया। शिविर में अनुभवी चिकित्सकों की टीम ने सफाई मित्रों का व्यापक स्वास्थ्य परीक्षण किया। इस दौरान ब्लड प्रेशर, शुगर और सामान्य शारीरिक जांच के साथ आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श एवं दवाएं निःशुल्क उपलब्ध कराई गईं।
शिविर के दौरान सफाई मित्रों को कार्य के समय सुरक्षा उपकरणों के अनिवार्य इस्तेमाल के प्रति भी जागरूक किया गया। उन्हें PPE किट, दस्ताने और मास्क आदि का नियमित उपयोग करने तथा मौसमी बीमारियों से बचाव के संबंध में आवश्यक जानकारी दी गई।