गौतमबुद्धनगर
मा० भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के क्रम में अर्हता तिथि 01 जनवरी 2027 के आधार पर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की फोटोयुक्त निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत जनपद में 17 एवं 24 अक्टूबर को विशेष मतदाता पंजीकरण अभियान संचालित किया जा रहा है। इसी क्रम में आज जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी गौतमबुद्धनगर ने नोएडा एवं जेवर क्षेत्र के निर्धारित मतदेय स्थलों पर स्थापित हेल्प डेस्क का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा संबंधित निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों एवं बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने उच्च प्राथमिक विद्यालय, सेक्टर-12, नोएडा एवं पी.एम. श्री उच्च प्राथमिक विद्यालय, जेवर स्थित मतदेय स्थलों पर पहुंचकर मतदाता पंजीकरण से संबंधित व्यवस्थाओं, आवेदन प्रक्रिया में उपलब्ध कराई जा रही सहायता तथा बीएलओ की उपस्थिति की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने निर्देश दिए कि अभियान के दौरान पंजीकरण के लिए आने वाले मतदाताओं को आवश्यक जानकारी एवं सहयोग उपलब्ध कराया जाए, ताकि पात्र मतदाताओं को अपना नाम निर्वाचक नामावली में दर्ज कराने में किसी प्रकार की असुविधा न हो।जिला निर्वाचन अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि अभियान के दौरान पूरी जिम्मेदारी एवं तत्परता के साथ कार्य करते हुए विशेष रूप से ऐसे युवाओं को पंजीकरण के लिए जागरूक किया जाए, जो पहली बार मतदाता बनने के पात्र हैं। साथ ही, जिन पात्र मतदाताओं के नाम अभी तक मतदाता सूची में दर्ज नहीं हैं, उन्हें आवेदन की प्रक्रिया एवं आवश्यक प्रपत्रों के संबंध में उचित मार्गदर्शन प्रदान किया जाए, जिससे वे निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार अपनापंजीकरण करा सकें।
.jpeg)
जिला निर्वाचन अधिकारी ने जनपद के सभी पात्र मतदाताओं से अपील की कि वे निर्वाचक नामावली में अपना नाम अवश्य जांच लें। यदि पात्रता पूरी करने के बावजूद उनका नाम मतदाता सूची में दर्ज नहीं है, तो निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार आवेदन कर अपना नाम सूची में सम्मिलित कराएं, ताकि वे लोकतांत्रिक प्रक्रिया में अपनी भागीदारी सुनिश्चित कर सकें।विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत जनपद में अगला विशेष मतदाता पंजीकरण अभियान 24 अक्टूबर 2026 को आयोजित किया जाएगा। इस दिन जनपद के समस्त मतदेय स्थलों पर बूथ लेवल अधिकारी प्रातः 10:00 बजे से अपराह्न 04:00 बजे तक उपस्थित रहेंगे।

इस दौरान पात्र नागरिकों को आवेदन भरने, आवश्यक प्रपत्रों तथा पंजीकरण प्रक्रिया के संबंध में सहायता एवं मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाएगा।निरीक्षण के दौरान उप जिलाधिकारी दादरी अभिनेंद्र सिंह, तहसीलदार जेवर प्रतीक चौहान सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।