नोएडा। समाज की मजबूती केवल आधुनिक सुविधाओं से नहीं, बल्कि आपसी सम्मान, संवेदनशीलता और सामूहिक जिम्मेदारी से होती है। इसी संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से सेक्टर-11, नोएडा में वरिष्ठ एवं अति वरिष्ठ महिला निवासियों ने गुरुवार को सुबह 11 बजे जागरूकता पदयात्रा निकाली। सोशल प्रोग्रेस एसोसिएशन की अध्यक्ष अंजना भागी के नेतृत्व में आयोजित इस पहल के माध्यम से सामाजिक सरोकारों से जुड़े तीन महत्वपूर्ण विषयों पर लोगों को जागरूक किया गया।
पदयात्रा के दौरान महिलाओं ने धार्मिक सामग्री के सम्मानपूर्वक निस्तारण, अनावश्यक पटाखों पर रोक और वरिष्ठ नागरिकों को सामाजिक गतिविधियों से जोड़ने की अपील की।
पार्कों में न डालें धार्मिक सामग्री
अभियान के दौरान संस्था की ओर से अपील की गई कि त्योहारों और धार्मिक आयोजनों के बाद फूल, मूर्तियां, देवी-देवताओं के चित्र एवं अन्य पूजन सामग्री पार्कों और हरित क्षेत्रों में न छोड़ी जाए। ऐसी सामग्री को संस्था को सौंपा जाए, ताकि उसे निर्धारित स्थान पर सम्मानपूर्वक पहुंचाया जा सके। इससे धार्मिक भावनाओं का सम्मान करने के साथ-साथ पार्कों की स्वच्छता भी कायम रखी जा सकेगी।

पटाखों से बढ़ते प्रदूषण पर जताई चिंता
महिलाओं ने दीपावली के बाद भी लगातार पटाखे जलाए जाने पर चिंता जताई। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि बच्चों और युवाओं को अनावश्यक पटाखे खरीदने के लिए प्रोत्साहित न करें। प्रदूषण का सबसे अधिक असर बच्चों, बुजुर्गों और सांस संबंधी परेशानियों से जूझ रहे लोगों पर पड़ता है। स्वच्छ हवा किसी एक वर्ग की नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति की जरूरत है।
बुजुर्गों को घरों तक सीमित न रखें, बढ़ाएं उनका मनोबल
पदयात्रा का एक प्रमुख संदेश वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान और उनकी सामाजिक भागीदारी को लेकर भी रहा। महिलाओं ने वरिष्ठ नागरिकों से आग्रह किया कि वे अपना खाली समय मोबाइल फोन या घर की चारदीवारी तक सीमित न रखें, बल्कि पार्कों में आएं, लोगों से मिलें-जुलें और सामुदायिक गतिविधियों में हिस्सा लें। साथ ही पार्कों में खेलने वाले बच्चों पर भी स्नेहपूर्ण निगरानी रखने की अपील की गई।
नई पीढ़ी से भी आग्रह किया गया कि वरिष्ठ नागरिक समाज की जीवित धरोहर हैं। उन्हें गिरने या चोट लगने के डर से घरों में सीमित करने के बजाय उनका आत्मविश्वास बढ़ाएं और सामाजिक गतिविधियों में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित करें।
अति वरिष्ठ महिलाओं ने भी बढ़-चढ़कर लिया हिस्सा
इस जागरूकता अभियान की खास बात यह रही कि अति वरिष्ठ नागरिक सुनेत्रा जी ने स्वयं कार चलाकर अपनी वरिष्ठ एवं अति वरिष्ठ सखियों सुदेश शर्मा, सविता अरोड़ा, विजय शर्मा और गगन आहलूवालिया के साथ पदयात्रा में भाग लिया। वहीं सुषमा नेब और आरती गुप्ता ने भी अभियान के माध्यम से सामाजिक जागरूकता का संदेश दिया।
महिलाओं ने पार्कों से पूजन सामग्री एकत्रित करने का कार्य भी किया। इस अभियान में युवा पीढ़ी की ओर से प्रीति शर्मा, सुमन गर्ग, संगीता सचदेवा, अमरजीत और रंजना शर्मा सहित अन्य सदस्यों ने सहयोग किया।
इस पहल ने यह संदेश दिया कि जब वरिष्ठ नागरिकों का अनुभव, महिलाओं की सक्रियता और युवाओं का सहयोग एक साथ आता है, तो समाज में सकारात्मक बदलाव की मजबूत नींव रखी जा सकती है।