आज का मुददा बुलंदशहर (त्रिलोक चन्द)
धूम्रपान छोड़ना सेहत के लिए सबसे अच्छा फैसला है, लेकिन कई साल तक सिगरेट पीने वाले लोगों में इसे छोड़ने के बाद भी फेफड़ों के कैंसर का खतरा बना रह सकता है। ऐसा इसलिए होता है क्योंकि लंबे समय तक धूम्रपान करने से फेफड़ों की कोशिकाओं को नुकसान पहुंचता है। सिगरेट छोड़ने के बाद शरीर में सुधार शुरू होता है, लेकिन कोशिकाओं को हुआ पुराना नुकसान पूरी तरह खत्म नहीं होता। इसलिए ऐसे लोगों के लिए समय पर जांच कराना जरूरी है।
मैक्स सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल, नोएडा के मेडिकल ऑन्कोलॉजी विभाग के सीनियर डायरेक्टर डॉ. डेनी गुप्ता ने बताया कि कई लोग सोचते हैं कि धूम्रपान छोड़े कई साल हो गए हैं, इसलिए अब उन्हें फेफड़ों के कैंसर का खतरा नहीं है। लेकिन ऐसा नहीं है। लंबे समय तक धूम्रपान करने वालों में कैंसर का जोखिम उन लोगों की तुलना में अधिक रहता है, जिन्होंने कभी सिगरेट नहीं पी। फेफड़ों के कैंसर की शुरुआती अवस्था में अक्सर कोई लक्षण दिखाई नहीं देते। लगातार खांसी, खांसी में खून आना, सांस फूलना और बिना कारण वजन कम होना जैसे लक्षण बीमारी बढ़ने पर सामने आ सकते हैं।

इसलिए केवल लक्षणों का इंतजार करना सही नहीं है। डॉ. गुप्ता के अनुसार, लो-डोज सीटी स्कैन से फेफड़ों में छोटी गांठों और शुरुआती बदलावों का पता लगाया जा सकता है। सामान्य छाती के एक्स-रे में कई बार छोटी गांठें दिखाई नहीं देतीं। यह स्कैन कुछ ही मिनटों में पूरा हो जाता है और इसमें कम मात्रा में रेडिएशन का इस्तेमाल होता है।
हालांकि, यह जांच हर व्यक्ति के लिए जरूरी नहीं है। आमतौर पर 50 से 80 वर्ष की उम्र के ऐसे लोग, जिन्होंने लंबे समय तक अधिक मात्रा में धूम्रपान किया है और पिछले 15 वर्षों में इसे छोड़ा है, इस जांच के लिए पात्र हो सकते हैं। सही सलाह के लिए डॉक्टर से परामर्श जरूरी है। धूम्रपान छोड़ने के साथ समय पर जांच भी फेफड़ों की सेहत बचाने में मदद कर सकती है।