आज़ का मुद्दा आशीष कुमार
उत्तर प्रदेश। महिला सशक्तीकरण, नारी सुरक्षा और महिलाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से निकाली जा रही मिशन शक्ति रैली का गाजियाबाद कमिश्नरेट के थाना अंकुर विहार क्षेत्र में पुष्पवर्षा कर स्वागत किया गया। नसबंदी तिराहे पर जेसीबी के माध्यम से रैली में शामिल लोगों पर फूल बरसाए गए। इस दौरान रैली का स्वागत करने के साथ ही महिला सुरक्षा और सम्मान का संदेश दिया गया।
मिशन शक्ति अभियान के तहत निकाली जा रही रैली का उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा, सम्मान, स्वावलंबन तथा उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना है। अभियान के माध्यम से समाज में महिलाओं के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करने और उन्हें भयमुक्त वातावरण उपलब्ध कराने का संदेश दिया जा रहा है। रैली के स्वागत के दौरान जेसीबी से की गई पुष्पवर्षा आकर्षण का केंद्र रही। फूलों की वर्षा से रैली में शामिल लोगों का उत्साह बढ़ा।इस अवसर पर डाबर तालाब चौकी इंचार्ज मुकेश चाहर ने नसबंदी तिराहे पर रैली का स्वागत किया। उन्होंने महिला सशक्तीकरण के उद्देश्य से चलाए जा रहे जागरूकता अभियान के प्रति अपना समर्थन जताया।

मिशन शक्ति जैसे अभियान महिलाओं को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक करने के साथ ही समाज में उनकी भागीदारी और सुरक्षा को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।अभियान के तहत महिलाओं और बालिकाओं को किसी भी प्रकार की परेशानी होने पर सहायता लेने, अपनी समस्याओं को सामने रखने और उपलब्ध सुरक्षा व्यवस्थाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया जाता है। साथ ही समाज के लोगों से भी महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और समान अधिकारों के प्रति संवेदनशील रहने की अपील की जाती है।

मिशन शक्ति रैली के स्वागत के माध्यम से महिला सुरक्षा और सशक्तीकरण के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया गया।