आज़ का मुद्दा आशीष कुमार
हापुड़। सरस्वती कॉलेज ऑफ नर्सिंग हापुड़ में चल रहे अटल बिहारी वाजपेयी स्पोर्ट्स फेस्ट 2026-27 के दूसरे दिन विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। जोन-5, पश्चिमी उत्तर प्रदेश की इस जोनल स्तरीय प्रतियोगिता में 45 नर्सिंग कॉलेजों के विद्यार्थी प्रतिभाग कर रहे हैं।दूसरे दिन बैडमिंटन के सेमीफाइनल, वॉलीबॉल के रोमांचक मुकाबले तथा बास्केटबॉल के सेमीफाइनल मैच आकर्षण का केंद्र रहे। वहीं एथलेटिक्स में 100 मीटर, 200 मीटर, 400 मीटर एवं 800 मीटर दौड़, रिले रेस, लंबी कूद, ऊंची कूद और डिस्कस थ्रो जैसी स्पर्धाओं का आयोजन हुआ।

सभी प्रतियोगिताओं में खिलाड़ियों ने पूरे जोश, अनुशासन और प्रतिस्पर्धात्मक भावना के साथ अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। मैदान में टीम मैनेजर, शिक्षकगण और खेल अधिकारी खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते नजर आए।यह खेल महोत्सव अटल बिहारी वाजपेयी चिकित्सा विश्वविद्यालय उत्तर प्रदेश के तत्वावधान में आयोजित हो रहा है। आयोजन सरस्वती ग्रुप के संस्थापक एवं चेयरमैन डॉ. जे. रामचंद्रन के मार्गदर्शन तथा वाइस चेयरपर्सन डॉ. रम्या रामचंद्रन के नेतृत्व में हो रहा है। संचालन कॉलेज की प्राचार्या प्रो. (डॉ.) आर. पिरामिला के मार्गदर्शन में किया जा रहा है।

आयोजन का उद्देश्य नर्सिंग विद्यार्थियों में शारीरिक फिटनेस, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, टीम भावना और खेल भावना को प्रोत्साहित करना है।दूसरे दिन की सफल प्रतियोगिताओं के बाद अब सभी की निगाहें अंतिम दिन पर टिकी हैं, जहां विजेताओं और चैंपियनों के नाम सामने आएंगे।