माता-पिता पूरी जिंदगी बच्चों के लिए घर, जमीन, कारोबार, निवेश और बैंक बैलेंस बनाते हैं। पर इस दौड़ में एक जरूरी सवाल अक्सर पीछे छूट जाता है—क्या हमने बच्चों को वह सब संभालने की समझ भी दी है, जो हम उनके लिए छोड़कर जा रहे हैं?
वसीयत यह तय कर सकती है कि संपत्ति किसे मिलेगी, लेकिन यह तय नहीं कर सकती कि मिलने के बाद उसका क्या होगा। यहीं से विरासत की असली परीक्षा शुरू होती है।
भारत की अर्थव्यवस्था में पारिवारिक व्यवसायों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। अनेक परिवारों ने एक पीढ़ी में शून्य से कारोबार खड़े किए, दूसरी पीढ़ी ने उन्हें विस्तार दिया और तीसरी पीढ़ी तक पहुँचते-पहुँचते कई साम्राज्य कमजोर पड़ गए। वैश्विक अनुभव भी यही संकेत देता है कि एक पीढ़ी से दूसरी और फिर तीसरी पीढ़ी तक पहुँचते-पहुँचते पारिवारिक कारोबारों के टिके रहने की संभावना तेजी से घटती है।
समस्या हमेशा बाजार, मंदी या प्रतिस्पर्धा नहीं होती। कई बार समस्या परिवार के भीतर ही होती है।पहली पीढ़ी धन बनाती है, दूसरी उसे संभालती है और तीसरी को अक्सर यह भी नहीं पता होता कि उसे बचाना कैसे है।क्योंकि हमने बच्चों को संपत्ति का अधिकार तो दिया, लेकिन संपत्ति की जिम्मेदारी नहीं सिखाई।उन्हें कारोबार का मुनाफा बताया, उसे बनाने की मेहनत नहीं। जमीन की कीमत बताई, उसकी उपयोगिता और जिम्मेदारी नहीं। निवेश का लाभ बताया, उसका जोखिम नहीं। सुविधाएँ दीं, लेकिन आर्थिक निर्णय लेने का अनुशासन नहीं दिया।
यही धन और संस्कार के बीच का अंतर है।
सबसे बड़ा भ्रम है—“बच्चे सब संभाल लेंगे।”
भरोसा अच्छी बात है, लेकिन भरोसा तैयारी का विकल्प नहीं हो सकता। किसी बच्चे को अचानक करोड़ों की संपत्ति सौंप देना और उससे विवेकपूर्ण प्रबंधन की उम्मीद करना ऐसा ही है जैसे किसी को विमान सौंपकर कहना कि अब उड़ाना सीख लेना।
उत्तराधिकारी तैयार करना वर्षों की प्रक्रिया है।
उसे परिवार की आर्थिक वास्तविकता से परिचित कराना होगा। आय, व्यय, बचत, निवेश, बीमा, ऋण और जोखिम का अर्थ समझाना होगा। छोटे आर्थिक निर्णय लेने होंगे, गलतियाँ करने देनी होंगी और उन्हीं से सीखने का अवसर देना होगा।
विरासत पाने से पहले विरासत संभालने का अभ्यास जरूरी है।
वसीयत बनाना आवश्यक है, लेकिन उसे पूरी विरासत-योजना मान लेना भूल है। वसीयत संपत्ति के उत्तराधिकार को स्पष्ट करती है; वह उत्तराधिकारी की क्षमता नहीं बनाती। इसलिए बड़े परिवार संपत्ति संरक्षण के लिए वसीयत के साथ ट्रस्ट, उत्तराधिकार योजना, पारिवारिक शासन और स्पष्ट जिम्मेदारियों जैसे उपाय अपनाते हैं।
लेकिन अंततः कानूनी ढाँचे की भी सीमा है।
कागज संपत्ति की रक्षा कर सकता है, चरित्र उसके उपयोग की।हमारे घरों में धन की बातचीत अक्सर असहज मानी जाती है। माता-पिता कहते हैं—“तुम्हें इन सबकी चिंता करने की जरूरत नहीं है।”
यही सोच भविष्य में समस्या बन सकती है।
बच्चों को उम्र के अनुसार यह समझना चाहिए कि परिवार की आर्थिक व्यवस्था कैसे चलती है। कौन-सी संपत्ति है, कौन-सी देनदारी है, बीमा क्यों है, निवेश कहाँ है और आर्थिक निर्णय किन सिद्धांतों पर लिए जाते हैं।
हर महीने परिवार की एक छोटी वित्तीय बैठक इस दिशा में बड़ा बदलाव ला सकती है—कितनी आय हुई, कहाँ खर्च हुआ, कितना बचा, कहाँ निवेश हुआ और किन जोखिमों से बचना है।ऐसी बातचीत बच्चे को केवल वित्तीय जानकारी नहीं देती, बल्कि उसे परिवार की आर्थिक जिम्मेदारी का हिस्सा बनाती है।
आज बैंक खाता खोलना, डिजिटल भुगतान करना और निवेश के साधनों तक पहुँचना पहले से आसान है। लेकिन सुविधा को समझ समझ लेना खतरनाक भ्रम है।मोबाइल से भुगतान करना वित्तीय साक्षरता नहीं है। निवेश का साधन उपलब्ध होना निवेश की समझ नहीं है। बैंक खाता होना वित्तीय स्वतंत्रता नहीं है।
वित्तीय साक्षरता तब है जब व्यक्ति ब्याज और चक्रवृद्धि को समझे, जोखिम और लाभ का संबंध जाने, बीमा और निवेश में अंतर पहचाने, ऋण की वास्तविक लागत समझे और डिजिटल धोखाधड़ी से सावधान रहे।
इसके बाद आता है सबसे महत्वपूर्ण चरण—अनुशासन।
कितना कमाना है, यह कौशल है। कितना बचाना है, यह आदत है। कहाँ लगाना है, यह समझ है और कब खर्च नहीं करना है, यह अनुशासन है।बच्चों को छोटी उम्र से ही अपने पैसे का प्रबंधन करने दीजिए। बचत का लक्ष्य दीजिए। सीमित बजट में निर्णय लेने दीजिए। किसी इच्छा के लिए प्रतीक्षा करना सिखाइए। चक्रवृद्धि का अर्थ छोटे उदाहरणों से समझाइए।
और सबसे जरूरी—उन्हें श्रम से जोड़िए।
जिस बच्चे ने परिवार के कारोबार की कठिनाई नहीं देखी, वह उसका मूल्य केवल धन से समझेगा। जिसने खेती की मेहनत नहीं देखी, उसके लिए जमीन केवल संपत्ति होगी। जिसने कमाई और खर्च का संघर्ष नहीं समझा, उसके लिए पैसा केवल उपलब्ध संसाधन बन सकता है।
इसलिए बच्चों को सुविधाएँ दीजिए, लेकिन संघर्ष से पूरी तरह दूर मत रखिए।
हमें बच्चों से यह कहना भी बदलना होगा—“हमने तुम्हारे लिए बहुत कुछ छोड़ दिया है।”
इसके बजाय कहना चाहिए—
“हमने तुम्हारे लिए कुछ बनाया है। अब इसे समझना, सुरक्षित रखना और अगली पीढ़ी के लिए बेहतर बनाना तुम्हारी जिम्मेदारी है।”
यही सोच वारिस को उत्तराधिकारी बनाती है।
वारिस पूछता है—“मुझे कितना मिला?”
उत्तराधिकारी पूछता है—“मैं इसे कितना बेहतर बना सकता हूँ?”
अंततः विरासत केवल जमीन, मकान, कारोबार या बैंक बैलेंस नहीं है। विरासत वह दृष्टि है जिससे अगली पीढ़ी इन सबका उपयोग करती है।संपत्ति बच्चों को अमीर बना सकती है, लेकिन वित्तीय समझ, अनुशासन और संस्कार ही उन्हें संपन्न बनाते हैं।इसलिए वसीयत बनाइए, लेकिन उसके साथ उत्तराधिकारी भी तैयार कीजिए।क्योंकि सच्ची विरासत वह नहीं जो हम बच्चों के नाम छोड़ जाते हैं; सच्ची विरासत वह है जो हम बच्चों के भीतर छोड़ जाते हैं।
लेखक
डॉ. दीपक गोस्वामी
मानवीय व्यवहार वैज्ञानिक
समन्वयक – आदर्श संस्कार शाला, भारत