आज़ का मुद्दा आशीष कुमार
स्याना/बुलंदशहर। नगर को सुंदर, व्यवस्थित और आधुनिक सुविधाओं से लैस करने की दिशा में नगर पालिका स्याना ने बड़ा कदम उठाया है। शनिवार को नगर पालिका सभागार में पालिका बोर्ड की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता नगर पालिका अध्यक्ष चौधरी ऋषिपाल सिंह ने की, जबकि संचालन अधिशासी अधिकारी सेवाराम राजभर ने किया।
बैठक में नगर पालिका की आय-व्यय का विस्तृत ब्यौरा प्रस्तुत करने के साथ ही विभिन्न वार्डों में विकास कार्यों को गति देने पर विस्तार से चर्चा की गई। अध्यक्ष और सभासदों ने नगर के मूलभूत विकास, सड़क व्यवस्था, सार्वजनिक स्थलों के सौंदर्यीकरण तथा नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने को लेकर कई प्रस्तावों पर विचार-विमर्श किया।
कई महत्वपूर्ण विकास कार्यों के प्रस्ताव पास
बोर्ड बैठक में सर्वसम्मति से करोड़ों रुपये की लागत से होने वाले विभिन्न विकास कार्यों के टेंडर प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। इनमें होली चौराहा से मनसा देवी मंदिर तक सड़क के पुनर्निर्माण का कार्य प्रमुख रूप से शामिल है। इस सड़क के निर्माण से क्षेत्र के लोगों को आवागमन में सुविधा मिलने की उम्मीद है।
इसके अलावा रामलीला मैदान की चारदीवारी तथा भव्य मंच के निर्माण का प्रस्ताव भी पास किया गया। इससे धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों के लिए नगर में बेहतर व्यवस्था उपलब्ध हो सकेगी।
वहीं सीएचसी स्याना में मरीजों और तीमारदारों के लिए प्रतीक्षालय के निर्माण को भी मंजूरी दी गई है। इससे अस्पताल आने वाले मरीजों और उनके परिजनों को बैठने एवं प्रतीक्षा करने के लिए बेहतर सुविधा मिल सकेगी।

वार्डों के विकास पर भी रहेगा फोकस
बैठक में सभी सभासदों से उनके-अपने वार्डों में आवश्यक विकास कार्यों के प्रस्ताव मांगे गए। पालिका स्तर पर वार्डवार जरूरतों को चिह्नित कर विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर कराने पर जोर दिया गया।
अधिशासी अधिकारी सेवाराम राजभर ने बताया कि स्वीकृत कार्यों की टेंडर प्रक्रिया पूरी होते ही निर्माण कार्य जल्द शुरू करा दिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि पालिका का प्रयास है कि स्वीकृत विकास कार्यों को निर्धारित प्रक्रिया के तहत तेजी से पूरा कराया जाए, ताकि नागरिकों को इनका लाभ मिल सके।
बैठक के दौरान नगर के विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर सभासदों ने अपने सुझाव भी रखे। पालिका बोर्ड द्वारा लिए गए फैसलों से आने वाले समय में स्याना में सड़क, सार्वजनिक स्थल और स्वास्थ्य सुविधाओं से जुड़े विकास कार्यों को गति मिलने की उम्मीद है।
इस दौरान सभासद नीरज त्यागी, नितिन सिंघल, सफीक चौधरी, जितेंद्र भास्कर, मास्टर रहीस सैफी, सीमा त्यागी, वैभव रस्तोगी, लता वाल्मीकि, सरिता आर्य, दीपक कुमार, दिलशाद सिद्दीकी, तौसीफ, सचिन ठाकुर, सुरेंद्र जैनवाल, शहजाद, राधा, अरुण लोधी, तुषार त्यागी, योगराज राठी, नूर मोहम्मद और तारीक चौधरी सहित सभी सभासद मौजूद रहे।