आज का मुद्दा
बुलंदशहर : अनूपशहर कोतवाली क्षेत्र में जमीन दिलाने के नाम पर 56 लाख 70 हजार रुपये की बड़ी ठगी का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर एसएसपी के आदेश से पुलिस ने नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।मोहल्ला अहार गेट (जाट कॉलोनी) निवासी विशाल पुत्र सुरेन्द्र सिंह ने पुलिस को बताया कि उसकी मुलाकात नवीन, योगेश और विवेक नाम के व्यक्तियों से हुई थी। आरोपियों ने उसे मुनाफे वाली जमीन दिलाने का झांसा दिया।
आरोप है कि झांसे में आकर विशाल ने अपने, मामी निकिता राणा, मामा रोबिन कुमार और मौसी अपूर्वा राणा के खातों सेऑनलाइन व नकद मिलाकर कुल 56.70 लाख रुपये आरोपियों द्वारा बताए गए विभिन्न खातों में ट्रांसफर कर दिए। रकम लेने के बाद आरोपी लगातार बैनामा टालते रहे।12 मई को आरोपी ने विशाल को अनूपशहर बैनामा कराने के लिए बुलाया। मौके पर पहुंचकर आसपास के लोगों से पूछताछ करने पर पता चला कि जिस जमीन का सौदा हुआ था, वह सरकारी जमीन है।पीड़ित ने जब पैसे वापस मांगे तो आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित का आरोप है कि आरोपियों ने कहा कि "हम पैसे लेकर वापस नहीं लौटाते, यही हमारा काम है।"
सीओ अनूपशहर शशांक श्रीवास्तव ने बताया कि एसएसपी के आदेश पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। बैंक खातों और लेन-देन की गहनता से जांच की जा रही है।